सलोन क्षेत्र के रूनीपुर गांव में ग्रामीणों को खाद्य पदार्थों को लेकर जागरूक करते एफएसओ हरेंद्र
रायबरेली। गर्मी में घटिया खाद्य पदार्थों के सेवन से लोगों को जागरूक करने के लिए बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की मोबाइल वैन सलोन क्षेत्र में में घूमी। कस्बा सहित गांवों में पहुंचकर मोबाइल वैन में 32 खाद्य पदार्थों की जांच की। जांच में चटनी व हल्दी का नमूना फेल आया। टीम ने कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूल सूची में छात्राओं और रूनीपुर आदि गांवों में ग्रामीणों को खाद्य सुरक्षा की जानकारी दी।
गर्मी में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर नजर रखने के निर्देश खाद्य आयुक्त ने दिए हैं। बुधवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम मोबाइल वैन के साथ सलोन क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करने के लिए पहुंची। कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूल सूची में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने छात्राओं को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के टिप्स दिए।
गर्मी में खाद्य पदार्थों के वेतन में एहतियात बरतने की सलाह दी। पानी व अन्य पेय पदार्थों के ज्यादा सेवन की सलाह दी। स्कूल में 97 छात्राएं मौजूद रहीं। कई छात्राओं ने सवाल भी पूछे। रूनीपुर गांव में ग्रामीणों को बासी खाना खाने से बचने की सलाह देने के साथ ही खाद्य सुरक्षा पर विशेष ध्यान देेने की सलाह दी। ग्रामीणों ने वैन के पास पहुंचकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कराई।
एफएसओ हरेंद्र सिंह ने बताया कि बिना पंजीयन के संचालित दुकानों के संचालकों को पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों को गर्मी में घटिया खाद्य पदार्थों के प्रयोग से बचने के लिए जागरूक किया गया।