रायबरेली। यदि आज आप घर से शहर जाने के लिए निकल रहे हैं तो सतर्क रहे। यदि सतर्क नहीं रहे तो परेशानी उठानी पड़ सकती है। वजह महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर मंगलवार को शहर में वाहनों का रूट बदला रहेगा। यातायात पुलिस की ओर से महाशिवरात्रि पर वाहनों का रूट डायवर्जन करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही दो स्थानों पर वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग भी बना दी गई है।
शहर में चंदापुर कोठी स्थित जगमोहनेश्वर मंदिर और डिग्री कॉलेज स्थित पहलवान वीर बाबा शिव मंदिर है, जहां पर महाशिवरात्रि वाले दिन जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं। भक्तों की भारी भीड़ होने के चलते शहर में जाम लग जाता है। इससे भक्तों को शिव मंदिरों तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा शहर आने वाले अन्य लोग भी परेशान होते हैं। जाम हटाने में ट्रैफिक पुलिस के जवानों को भी परेशानी होती है।
यातायात प्रभारी अरुणेश कुमार गुप्ता ने बताया कि महाशिवरात्रि पर शहर के शिव मंदिरों में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए वाहनों को रूट डायवर्जन किया जाएगा। तय रूट से ही वाहनों का आवागमन कराया जाएगा। बताया कि वाहनों को खड़ा कराने के लिए दो स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था भी कराई गई है। पार्किंग में वाहनों को खड़ा करके भक्त आसानी से मंदिरों में पहुंचकर जलाभिषेक कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि को देखते हुए हर चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है।
- हाथी पार्क से सुपर मार्केट की ओर कोई भी दो पहिया या चार पहिया वाहन नहीं जाएगा।
- अस्पताल चौराहा से सुपर मार्केट की ओर कोई भी दो पहिया-चार पहिया वाहन नहीं जाएगा।
- रामकृपाल तिराहा से अस्पताल चौराहा-हाथी पार्क की तरफ को कोई भी दो पहिया-चार पहिया वाहन नहीं जाएगा।
- कीरत बारी तिराहा से यूनियन बैंक की ओर कोई भी दो पहिया और चार पहिया वाहन नहीं जाएगा।
- चंदापुर कोठी शिव मंदिर जाने वाले सभी श्रद्धालु अपने दो पहिया-चार पहिया वाहन रिफार्म क्लब पार्किंग ग्राउंड,
आचार्य द्विवेदी इंटर कॉलेज ग्राउंड पार्किंग स्थल में खड़ा करके शिव मंदिर तक पैदल जा सकेंगे।