परशदेपुर-सलोन मार्ग के चौड़ीकरण के लिए की गई खोदाई।
परशदेपुर। सलोन-जायस राजमार्ग के चौड़ीकरण में लापरवाही बरती जा रही है। इसका परिणाम यह रहा कि बुधवार को बाइक सवार युवक की सड़क किनारे की गई खोदाई में गिरकर जान चली गई। हादसे के दूसरे दिन भी कोई सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए। इससे फिर किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
सलोन-जायस वाया जगदीशपुर राजमार्ग संकरा होने के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस समस्या को देखते हुए अब इस मार्ग को फोरलेन किया जा रहा है। करीब 53 किमी. इस मार्ग को फोरलेन बनाने में 281 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नसीराबाद, परशदेपुर क्षेत्र में एक तरफ सड़क की खोदाई की जा रही है। इससे पटरी से सड़क की ऊंचाई कहीं चार तो कहीं पांच फीट हो गई। ग्रामीण शिवचरन, दीनानाथ, पंकज तिवारी, अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों तरफ से भारी वाहन आने पर बाइक और साइकिल सवार लोगों के लिए जगह नहीं बचती है। इसके चलते बुधवार को डीह थाना क्षेत्र के मऊ गांव निवासी दीपक वर्मा चौड़ीकरण के खोदी गई पटरी में बाइक समेत गिर गए थे। इससे उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर कोई बैरीकेडिंग और चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया है। केवल मिट्टी भरी बोरियां रख दी गईं। इससे किसी दिन फिर हादसा हो सकता है। उधर, एनएच के एक्सईएन विकास सिंह का कहना है कि चौड़ीकरण कराया जा रहा है। इसमें सुरक्षा को लेकर पूरे इंतजाम किए गए हैं।