रायबरेली। फिरंगियों के खिलाफ वर्ष 1857 में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजों के छक्के छुड़ाने वाले अमर शहीद राना बेनी माधव सिंह की स्मृतियों को संजोया जाएगा। मंगलवार को भाव समर्पण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमर शहीद को लेकर गंभीर दिखे। उन्होंने स्मृतियों को संजोने के लिए डीएम को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने वादा किया कि जो भी प्रस्ताव भेजा जाएगा, उसे हरहाल में पूरा कराकर अमर शहीद को सच्ची श्रद्धांजलि देने का काम किया जाएगा। राना बेनी माधव बख्श सिंह स्मारक समिति को प्रस्ताव डीएम को उपलब्ध कराने के लिए कहा। अमर शहीद राना बेनी माधव सिंह गौरिल्ला युद्ध प्रणाली में निपुण थे। वे जगतपुर ब्लॉक के उंडवा गांव के रहने वाले थे।
उंडवा में उनका किला तक ध्वस्त हो गया है। शंकरपुर (दुर्गन) गांव में स्थित एतिहासिक दुर्गा मंदिर में वे हमेशा पूजा-अर्चना करते थे। 1857 की क्रांति में राना ने फिरंगियों के छक्के छुड़ा दिए थे। फिरंगियों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आज तक राना के बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं हैं। फिरंगी भी उन्हें ढूंढ नहीं पाए।
उन्हीं के नाम से शंकरपुर में ही रानाबेनी माधव सिंह स्मारक इंटर कॉलेज संचालित है, लेकिन आज तक राना की वीरगाथा और स्मृतियों को संजोने के लिए कोई काम नहीं किया गया। राना बेनी माधव सिंह स्मारण समिति ने अब यह बीड़ा उठाया है और पहला ही भव्य आयोजन मुख्यमंत्री की मौजूदगी में कराया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान डीएम को राना की स्मृतियों को संजोने के लिए प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजने के निर्देश दिए। इस संबंध में समिति को उन्होंने डीएम को पूरा प्रस्ताव देने के लिए कहा। जिला अधिकारी नेहा शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने अमर शहीद राना बेनी माधव सिंह की स्मृतियों को संजोने के लिए प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
समिति से जो भी प्रस्ताव मिल रहा है, उसे तत्काल पूरा कराकर सीएम को भेजा जाएगा, जिससे जल्द से जल्द काम शुरू कराया जा सके। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में कहा कि हमारी सरकार ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वे अपने-अपने जिलों के सैनिकों को सूचीबद्ध कर एक शौर्य स्थल दिल्ली वार मेमोरियल की भांति स्थापित करेंगे। शौर्य स्थल में शहीदों के नाम अंकित कर उनकी गौरवगाथा का वरण किया जाएग। जिससे जिले के शहीदों के बारे में हर किसी को पूरी जानकारी मिल सके।