जिले में बुधवार तड़के शुरू हुई झमाझम बारिश ने शहर को जलमग्न कर दिया। करीब छह घंटे तक हुई बारिश से शहर पानी से लबालब हो गया। लोगों के घरों और दुकानों में पानी भर गया। किसी तरह लोगों ने बर्तन से पानी बाहर निकाला।
इस दौरान नालियां चोक हो गई। वहीं नाले भी उफनाने लगे। सड़कों पर डेढ़ से दो फिट तक पानी भर गया। इससे आवागमन में लोगों को परेशानी से जूझना पड़ा। सड़क पर जलभराव से गुस्साएं लोगों ने रतापुर से गल्लामंडी रोड पर प्रदर्शन किया।
बारिश के बाद सक्रिय हुए पालिका कर्मी करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद कुछ इलाकों से पानी निकाल सके। पिछले कई दिनों से बारिश नहीं होने के कारण तापमान काफी बढ़ गया था। बुधवार तड़के करीब चार बजे से बारिश शुरू हो गई। सुबह करीब 10 बजे तक बारिश का सिलसिला चलता रहा।
शहर के लगभग हर मोहल्ले में जलभराव दिखा। बारिश से नया पुरवा, बरखापुर, सोनिया नगर में इस कदर पानी भरा कि लोगों के घरों में पानी घुस गया। हालात ये बने कि सड़क तक पहुंचने के लिए लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसी तरह अस्पताल चौराहा, डिग्री कॉलेज चौराहा, बस स्टेशन आदि स्थानों पर दुकानों में पानी भर गया।
नगर पालिका क्षेत्र के रतापुर से गल्लामंडी रोड पूरी तरह से जलमग्न रही। हिमांशु सिंह, सौरभ पांडेय, शोभित गुप्ता, प्रत्युष चौरसिया आदि ने प्रदर्शन किया। कहा कि नगर पालिका की सड़कें ध्वस्त हैं। वहीं नाला और नाली निर्माण में धांधली की गई। इसका खामियाजा नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।
इसी तरह इंदिरा नगर, सुपर मार्केट, डिग्री कॉलेज चौराहा, भगवंत कौर कॉलोनी, नया पुरवा, अस्पताल परिसर आदि स्थानों पर पानी भरा रहा। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी से जूझना पड़ा।
डीह क्षेत्र के दीनापुर मजरे रायपुर टोडी गांव में सुबह हो रही बारिश के दौरान बिजली गिरी। इससे पूरे दीना मजरे रायपुर टोड़ी गांव के हनुमान के घर की छत चटक गई। वहीं बिजली वायरिंग और उपकरण जलकर गया। पड़ोस के संतभान की दीवार ढह गई।
सूचना पर प्रधान प्रतिनिधि ताज मोहम्मद, पूर्व प्रधान रेशमा, कप्तान शर्मा आदि ने पहुंचकर मदद का भरोसा दिया। पालिका र्ईआे पीएन सिंह का कहना है कि जलभराव वाले मोहल्लों में पंपिंग सेट से पानी निकलवाने की व्यवस्था की गई है।
सभासदों और स्थानीय नागरिकों की सूचना पर टीम भेजकर जल निकासी कराई जा रही है। निचले इलाकों के मोहल्लों में ज्यादा परेशानी आ रही है। जल्द ही इससे नागरिकों को निजात दिला दी जाएगी।