रायबरेली। जिले में दो दिन से हो रही जोरदार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर से लेकर गांव तक हर तरफ जलभराव के जैसी स्थिति है, जिससे आम लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। मंगलवार रात से शुरू हुआ बारिश का दौर बुधवार सुबह तक जारी रहा, जिसके चलते गली-मोहल्ले पानी से लबालब हो चुके हैं। इस प्राकृतिक आपदा के बीच महराजगंज क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां कच्चे मकान की दीवार गिरने से मलबे में दबकर एक बुजुर्ग किसान की मौत हो गई। वहीं रोहनिया ब्लॉक क्षेत्र के कई गांवों में पांच कच्चे मकान ढहने से गृहस्थी का सारा सामान नष्ट हो गया है।
महराजगंज के चंदापुर थाना क्षेत्र के नयापुरवा मजरे चंदापुर गांव में मंगलवार देर रात लगातार हो रही बारिश के कारण कच्चे घर की दीवार भरभरा कर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से 85 वर्षीय बुजुर्ग किसान रघुनाथ की मौत हो गई। परिवार के लोगों ने बताया कि बारिश के कारण रात करीब एक बजे मकान की दीवार ढह गई और वे मलबे के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। एसडीएम चंद्र प्रकाश गौतम ने कहा कि राजस्व टीम की जांच रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
इसी तरह रोहनिया ब्लॉक क्षेत्र के परसीपुर, सरकपुर, डिहवा, बसुवई गांव में बारिश के चलते पांच लोगों के कच्चे मकान बुधवार को ढह गए। जिससे परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं। परसीपुर गांव निवासी राहुल कुमार, डिहवा गांव निवासी रामफेर यादव व छेदीलाल सरकपूर गांव निवासी राजेश नाई बसुवई गांव निवासी केशव लाल के कच्चे घर बारिश के चलते ढह गए हैं। क्षेत्रीय लेखपाल रूपेश मौर्य ने बताया कि गिरे हुए मकानों का आकलन कर पीड़ित परिवारों को लाभ दिलाया जाएगा।
बारिश के कारण शहर में नयापुरवा, सोनिया नगर, बालापुर, आजाद नगर, बैराना, शक्तिनगर, छजलापुर, देवानंदपुर, नवीन गल्ला मंडी में जलभराव होने से बुधवार को आवामगन में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई मोहल्लों के घरों में पानी घुस गया है। इंदिरा गांधी उड़ान अकादमी फुरसतगंज के मुताबिक अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री रहा। साथ ही 50.6 एमएम बारिश हुई। मौसम विशेषज्ञ दीतेंद्र कुमार ने बताया कि आठ सितंबर तक मौसम इसी तरह रहने की संभावना है। भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
इनसेट
पेड़ गिरने से आवागमन रहा प्रभावित
फोटो संख्या-16
लगातार हो रही बारिश के कारण बुधवार सुबह जगतपुर कस्बे के ओम नगर पर पुरानी ऊंचाहार रोड पर एक पेड़ गिर गया। इससे सड़क पर करीब एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। वहीं, बिजली विभाग के संविदा कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर टूटे तार को जोड़कर आपूर्ति बहाल कर दी।
इनसेट
बारिश से मार्ग बहे, स्कूल पानी से घिरा
फोटो संख्या-28
डीह। डीह-सूची मार्ग पर बघौला गांव के पास गोशाला जाने वाला मार्ग बह गया है। प्राथमिक विद्यालय डीह द्वितीय भी चारों ओर से पानी से घिर गया है। जिससे बच्चों ने स्कूल आना बंद कर दिया है। ऊंचाहार में भी प्राथमिक विद्यालय अरखा के चारों ओर पानी भर गया है। जिस कारण स्कूल बंद कर दिया गया है। हालांकि बुधवार को अवकाश रहा, लेकिन जो हालात है, उससे साफ है कि अभी बच्चे स्कूल नहीं आ सकेंगे।
इनसेट
कक्षा एक से आठ तक के स्कूलों में रहा अवकाश
बुधवार को भारी बारिश होने का अलर्ट जारी होने के साथ भोर पहर हुई तेज बारिश के चलते डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने जिले के सभी बोर्ड के कक्षा एक से आठ तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया। बीएसए राहुल सिंह ने बताया कि डीएम के निर्देश पर बुधवार को कक्षा एक से आठ तक के स्कूलों में छुट्टी रही।
रायबरेली में अंबेडकर नगर में जलभराव के बीच मस्ती करते बच्चे।
रायबरेली में अंबेडकर नगर में जलभराव के बीच मस्ती करते बच्चे।