फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Raebareli News: बारिश से लुढ़का पारा, मौसम हुआ खुशगवार

Fri, 08 May 2026 01:02 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रायबरेली
विज्ञापन
बारिश में छाता लगाकर बाइक से जाते स्कूली बच्चे।
विज्ञापन
रायबरेली। मई माह में पड़ने वाली भीषण गर्मी से इस बार लोगों को राहत मिल रही है। बारिश, तेज हवा और बादलों की आवाजाही से मौसम सुहावना बना हुआ है। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक तेज हवा के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है।
विज्ञापन


बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे रिमझिम बारिश हुई। इसके बाद दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर में कुछ देर के लिए धूप निकली, लेकिन तेज हवाओं के चलते मौसम अधिक देर तक गर्म नहीं हो सका। पूरे दिन मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और आरामदायक बना रहा।

आमतौर पर मई में तेज धूप और लू के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो जाता है, लेकिन इस बार मौसम सितंबर जैसा महसूस हो रहा है। सड़कों और बाजारों में सामान्य दिनों की तरह चहलपहल बनी रही। उमस कम होने से लोगों को पसीने और चिपचिपाहट से भी राहत मिली। सबसे ज्यादा राहत स्कूली बच्चों को मिली है, जिन्हें तपती धूप में स्कूल आने-जाने की परेशानी नहीं उठानी पड़ रही।
विज्ञापन


तापमान भी सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.4 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो औसत से 6.2 डिग्री नीचे रहा। रात के समय हल्की ठंडक महसूस होने से लोगों को एसी और कूलर तक बंद करने पड़ रहे हैं।

इंदिरा गांधी उड़ान अकादमी फुरसतगंज के मौसम विशेषज्ञ दीतेंद्र सिंह ने बताया कि पश्चिमी हवा चलने और आसपास के जिलों में हो रही बारिश के कारण मौसम में बदलाव आया है। इसी वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।

उधर, मौसम में बदलाव आम की फसल के लिए भी फायदेमंद माना जा रहा है। जिला उद्यान अधिकारी जय राम वर्मा ने बताया कि इस समय का तापमान आम की फसल के लिए अनुकूल है। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि तेज आंधी-तूफान आने पर फसल को नुकसान भी हो सकता है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें