जायस (रायबरेली)। अमेठी जिले में जायस रेलवे स्टेशन के नजदीक बाईपास मार्ग पर स्थित रानीगंज क्रॉसिंग संख्या 127-सी पर अंडरपास का निर्माण कराया जाएगा। इसका कार्य भी शुरू हो गया है।
रेल विकास निगम लिमिटेड की देखरेख में अंडरपास का निर्माण कार्य एक कार्यदायी संस्था करा रही है। अंडरपास के बनने से रोड ट्रैफिक को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। ट्रेनों के आवागमन के चलते रोड ट्रैफिक को रोकना नहीं पड़ेगा।
रायबरेली-अमेठी रेल लाइन का दोहरीकरण कराया जा रहा है। इससे रेलवे फाटकों को भी दुरुस्त किया जा रहा है। सड़क यातायात के सुचारु रूप से आवागमन पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
यही वजह है कि अधिक रोड ट्रैफिक वाली क्रॉसिंगों पर अंडरपास बनाए जा रहे हैं। जायस स्टेशन के निकट स्थित क्रॉसिंग पर रोड ट्रैफिक अधिक रहता है। ट्रेनों के आवागमन के चलते अक्सर फाटक बंद रखना पड़ता है, जिससे क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की लाइन लग जाती है। फाटक खुलने तक वाहनों को इंतजार करना पड़ता है। इस समस्या को देखते हुए क्रॉसिंग पर अंडरपास बनवाने का निर्णय लिया गया है।
अंडरपास का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। इस समय अंडरपास बनाने के लिए खोदाई कराई जा रही है। क्रॉसिंग पर बनाए जा रहे अंडरपास की चौड़ाई लगभग 18 फीट और ऊंचाई 16 फीट बताई गई है, जिससे सड़क यातायात का आवागमन बिना किसी अवरोध के सुचारु रूप से हो सकेगा। अंडरपास का निर्माण कार्य तेजी से कराया जाएगा, ताकि जल्दी ही काम पूरा हो सके और आवागमन को सुगम बनाया जा सके।
रोजाना 20 हजार लोगों का होता है आवागमन
रेलवे क्रॉसिंग संख्या 127-सी जिस बाईपास मार्ग पर स्थित है, वह रायबरेली-सुल्तानपुर और सलोन-जायस मार्ग को जोड़ता है। यही वजह है कि इस सड़क मार्ग पर आवागमन बहुत अधिक है।
औसतन रोजाना 20 हजार लोग इस मार्ग से होकर गुजरते हैं। छोटे वाहनों के साथ ही बड़े वाहनों का आवागमन भी होता है। अंडरपास के बनने से रोड ट्रैफिक बिना किसी बाधा के गुजरता रहेगा। अंडरपास से छोटे-बड़े सभी वाहन निकल सकेंगे।
जिन क्रॉसिंग पर रोड ट्रैफिक बहुत अधिक होता है, वहां ओवरब्रिज या अंडरपास का निर्माण कराया जाता है। जायस रेलवे स्टेशन के अंतर्गत आने वाली रानीगंज रेलवे क्रॉसिंग पर रोड ट्रैफिक बहुत अधिक है। ट्रेन के आने-जाने के कारण फाटक बंद रहता था, जिससे क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की लाइन लग जाती थी। अब इस क्रॉसिंग पर अंडरपास का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे काफी राहत मिल सकेगी।
-हजारी लाल मीणा, स्टेशन अधीक्षक।