पॉलीथिन पर प्रतिबंध को लागू कराने के लिए शनिवार को शहर की प्रमुख बाजारों में अफसरों की टीम ने करीब 50 दुकानों पर छापे मारे। इस दौरान छिपाकर रखी गई करीब 40 क्विंटल पॉलीथिन बरामद हुई।
टीम ने व्यापारियों को चेतावनी देकर छोड़ दिया। छापेमारी से व्यापारियों में हड़कंप मचा रहा। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. एके सिंह, नगर पालिका के ईओ पीएन सिंह, खाद्य एवं सफाई निरीक्षक अपर्णा वाजपेयी, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी जेपी तिवारी और सहायक श्रमायुक्त एके मिश्रा की अगुवाई में टीम ने शनिवार दोपहर दुकानों का निरीक्षण किया।
इस दौरान शहर के घंटाघर, कैपरगंज, मालखाना, सब्जीमंडी समेत अन्य प्रमुख बाजारों में करीब 50 दुकानों में छापा मारा गया। दुकानों से लगभग 40 किग्रा पॉलीथिन के कैरीबैग मिले।
अधिकारियों ने कैरीबैग जब्त करते हुए दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी। क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि पॉलीथिन के कैरीबैग का प्रयोग सबसे ज्यादा शहर में होता है।
इसलिए यहां की बाजारों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। दुकानदारों के कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया जा रहा है। दोबारा पकड़े जाने पर जुर्माना वसूला जाएगा। शासन की मंशानुरूप पॉलीथिन का प्रयोग नहीं करने दिया जाएगा।