बड़े होटलों के कारखानों में छापे, गंदगी मिली, सात नमूने सील
होली पर मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए शहर में चला अभियान
तीनों कारखानों के संचालकों को नोटिस, फायर किटें लगवाने के आदेश
रायबरेली। होली पर मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के साथ ही मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री को रोकने के लिए सोमवार को शहर के बड़े होटलों के तीन कारखानों में छापा मारा गया। सिटी मजिस्ट्रेट युगराज सिंह के नेतृत्व में एफएसडीए, फायर, आपूर्ति सहित अन्य विभागों की टीमों ने जांच की। कारखानों में गंदगी का अंबार मिलने पर संचालकों को नोटिस दिया गया।
आग से निपटने के बंदोबस्त न मिलने पर फायर किटें लगवाने के आदेश दिए गए। संदिग्ध मिले पनीर, खोवा, काजू गुझिया समेत सात नमूने सील करके जांच के लिए भेजा गया। सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले सुपर मार्केट स्थित अग्रवाल स्वीट्स में छापा मारा। यहां कारखाने को भी चेक किया गया। गंदगी मिलने पर सफाई दुरुस्त करने के आदेश दिए।
इसके अलावा अग्रवाल स्वीट्स से एफएसओ नितिन कुमार ने काजू गुझिया, एफएसओ राजेश तिवारी ने खोवा और एफएसओ रमाशंकर ने देशी घी का नमूना सील किया। यहां पर्याप्त संख्या में फायर किटें न होने पर तत्काल लगवाने के आदेश दिए। आपूर्ति निरीक्षक सुखदेव व अविनाश पांडेय ने घरेलू सिलेंडरों के प्रयोग की जांच की।
इसके बाद टीम ने शहर के मधुबन रोड स्थित नरेश स्वीट्स के कारखाने में छापा मारा। यहां से टीम ने खोवा और पनीर का नमूना सील किया गया। कारखाने में गंदगी का अंबार मिलने पर संचालक को फटकार लगाते हुए नोटिस देकर जवाब मांगा गया। टीम ने रतापुर स्थित वृंदावन कैटर्स निर्माण इकाई को भी चेक किया।
यहां संदिग्ध मिलने पर छेना मिठाई और पनीर का नमूना सील किया गया। यहां भी गंदगी मिलने पर नोटिस देकर जवाब मांगा गया। एफएसडीए के अभिहित अधिकारी इंद्र बहादुर यादव ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया है। कारखानों में गंदगी व अन्य कमियां मिलने पर संचालकों को नोटिस दिया गया है।