खरीफ की फसल में गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज किसानों को उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग की टीमों ने बुधवार को दुकानों पर छापेमारी की। खाद और बीज की 34 दुकानों पर छापा मारकर 15 नमूने भरे गए। कमियां मिलने पर पांच दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया।
उप कृषि निदेशक महेंद्र सिंह ने टीम के साथ सलोन, ऊंचाहार और जिला कृषि अधिकारी रविचंद्र प्रकाश ने सदर, महराजगंज और उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी सोम प्रकाश गुप्ता ने डलमऊ और लालगंज तहसील क्षेत्र की खाद और बीज की दुकानों पर छापेमारी की।
एकबारगी शुरू हुई छापेमारी से दुकानदारों पर हड़कंप मच गया। जिला उप कृषि निदेशक ने बताया कि कुल 34 खाद व बीज की दुकानों पर छापेमारी की गई। इसमें 15 खाद व बीज के नमूने लिए गए।
उन्होंने बताया कि जायसवाल खाद भंडार सूची, साद खाद भंडार सलोन, शुक्ला खाद भंडार सलोन, तरुण कुमार रस्तोगी सलोन, निशा ट्रेडर्स भवानीपुर सलोन को नोटिस जारी किया गया है। इन सभी की दुकानों में कमियां मिलीं। जायसवाल खाद भंडार को छोड़कर सभी दुकानदार अपनी दुकानें बंद किए हुए थे।