हादसे के बाद घटनास्थल पर जमा भीड़
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यहां मिल एरिया थाना इलाके में रायबरेली-सुल्तानपुर रोड पर सोमवार की सुबह मौरंग लेकर सुल्तानपुर की ओर जा रहा एक ट्रक बेकाबू होकर एक होटल के सामने पलट गया।
जिससे होटल पर बैठा एक किशोर समेत दो लोग मौरंग के ढेर में दब गए। वहीं ट्रक का चालक व क्लीनर घटना के बाद मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों से सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक हटवाकर मोरंग में दबे किशोर समेत दोनों लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद दुर्घटना स्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। यह हादसा रायबरेली-सुल्तानपुर रोड पर सुबह 7 बजे का है। एक ट्रक मौरंग लेकर सुल्तानपुर की ओर जा रहा था, तभी डिघिया गांव के पास रोड के किनारे खड़े एक ट्रक से बचने के चक्कर में ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे रोड के किनारे बने एक होटल के पास बैठा रफीक 55 वर्ष व सानू 11 वर्ष दोनों मोरग के ढेर में दब गए।
दुर्घटना के बाद मामूली रूप से जख्मी ट्रक चालक व क्लीनर मौके से भाग गए। घटना के बाद चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों से सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन के सहारे ट्रक हटवा कर मोरम के ढेर में दबे लोगों की खोज शुरू की।
खोजबीन के बाद रफीक व सानू दोनों को गंभीर अवस्था में निकाला गया और आनन-फानन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में एसओ बृजेश कुमार राय ने बताया तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।