दौड़ में बिगड़ी अभ्यर्थियों की तबीयत।
- फोटो : amar ujala
रायबरेली जिले की 25वीं वाहिनी पीएसी में चल रही उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती प्रक्रिया की शारीरिक परीक्षा में सोमवार को 11 अभ्यर्थियों की एक बार फिर तबीयत बिगड़ गई। चक्कर आने और कमजोरी के कारण एक के बाद एक अभ्यर्थी मैदान में गिरकर बेहोश हो गए। आनन-फानन सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। रविवार को भी शारीरिक परीक्षा के दौरान 21 अभ्यर्थियों की हालत बिगड़ गई थी। इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ था।
शारीरिक परीक्षा के लिए प्रयागराज, लखनऊ, फतेहपुर आदि जिलों के अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। सुबह करीब आठ बजे दौड़ के दौरान अचानक एक के बाद 11 अभ्यर्थी जमीन पर गिरकर बेहोश हो गए। पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस से सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां सभी को इमरजेंसी कक्ष में भर्ती कर लिया गया।
प्रयागराज के सूरज, अभय कुमार, फतेहपुर के विवेक सैनी, अकबरपुर के शिव कुमार, लखनऊ के अनूप कुमार, अयोध्या के अग्रसेन यादव, फतेहपुर के निलेश कुमार, शिवम यादव समेत 11 अभ्यर्थियों ने बताया कि धूप में दौड़ाने की वजह से उनकी हालत बिगड़ी। इलाज के बाद उन्हें आराम मिला है। अचानक अभ्यर्थियों के अस्पताल पहुंचने से इमरजेंसी कक्ष में अफरातफरी रही।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि धूप और कमजोरी की वजह से अभ्यर्थियों को दिक्कत होती है। अस्पताल में इलाज के बाद सभी स्वस्थ हो गए। उन्होंने बताया कि ज्यादातर अभ्यर्थी इसलिए भी चिंतित रहते हैं कि वह दौड़ पूरी कर पाएंगे कि नहीं। यह सोचकर भी अचानक उनकी हालत बिगड़ जाती है।