इंतजार की घड़ियां हुईं खत्म। अब बारी है ठोक-बजाकर अपना जनप्रतिनिधि चुनने की। आज बृहस्पतिवार को लोकतंत्र के महापर्व में 19.80 लाख रायबरेलवी अपने नुमाइंदे चुनेंगे। सभी मतदाता जिले की छह विधानसभा सीटों में बने 1447 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
इस बार 75 प्रत्याशी चुनावी मैदान में ताल ठोंक रहे हैं। शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान के लिए प्रशासन ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 19 जोन और 149 सेक्टरों में जिले को बांटते हुए वोटरों की क्षमता और संवेदनशीलता के आधार पर 17 वलनरेबल केंद्र बनाए गए है।
सुरक्षा बलों व पुलिस फोर्स के जवानों के साथ मतदान की समाप्ति तक जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेेट के साथ माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात रहेंगे। डीएम अनुज कुमार झा और एसपी अब्दुल हमीद बुधवार देर रात ने मतदान केंद्रों की तैयारियों का जायजा लिया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम शत्रोहन वैश्य ने बताया कि 31 जनवरी 2017 तक अपडेट हुई वोटर लिस्ट के बाद इस बार विधान सभा चुनाव की छह सीटों के लिए कुल 19 लाख 80 हजार 362 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
हर जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ एक-एक वीडियोग्राफर व हैंडीकैम टीम भी चलेगी, जो मतदान केंद्रों पर होने वाली हर छोटी-बड़ी गतिविधियों को कैमरों में कैद करेगी। जिले की छह विधानसभाओं रायबरेली, हरचंदपुर, बछरावां, सरेनी, सलोन और ऊंचाहार में 75 प्रत्याशी चुनाव मैदान में ताल ठोंक रहे हैं।
विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में जिले की छह विधानसभाओं के लिए आज मतदान होगा। सकुशल चुनाव कराने के लिए बुधवार को गहमागहमी के बीच सुबह 2073 पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुई। इसमें खासकर महिलाएं अपने बच्चों व पति के साथ बूथों पर रवाना हुई।
चुनाव को लेकर सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं, ताकि कोई गड़बड़ी न हो सके। जिला निर्वाचन अधिकारी अनुज कुमार झा ने बताया कि निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिले की छह विधानसभाओं रायबरेली, हरचंदपुर, बछरावां, सरेनी, सलोन और ऊंचाहार में 23 फरवरी को मतदान होगा। इन सीटों पर 75 प्रत्याशी चुनाव मैदान में ताल ठोंक रहे हैं। गोरा बाजार स्थित मैदान से बुधवार सुबह पोलिंग पार्टियां रवाना की गई।
भीड़ की वजह से अफरातफरी का माहौल रहा। अफसरों के मुताबिक जिले में मतदान कराने के लिए 2073 पोलिंग पार्टियां रवाना हुई। चुनाव कराने के लिए 10 हजार कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जबकि दो हजार मतदान कार्मिकों को रिजर्व में रखा गया है।
इस बार अति संवेदनशील और संवेदनशील मतदान केंद्र नहीं बनाए गए हैं। इस बार वलनरेबल केंद्र बनाए गए हैं। यहां पर कुल 17 वलनरेबल मतदान केंद्र हैं, जहां पर सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं, ताकि कोई भी मतदाताओं को परेशान या धमका न सके।