रायबरेली। लोक निर्माण विभाग की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत मार्गों एवं सेतुओं के निर्माण, चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से संबंधित वार्षिक कार्ययोजना के निर्धारण के लिए शनिवार को एक बैठक हुई।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों की जरूरतों एवं स्थानीय जनसमस्याओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों के प्रस्ताव प्रस्तुत किए। कार्ययोजना के अंतर्गत जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल 127715 लाख रुपये से अधिक लागत से 953 किलोमीटर लंबाई के 553 विकास कार्यों का प्रस्ताव रखे गए।
बैठक में सलोन विधायक अशोक कुमार, बछरावां विधायक श्याम सुंदर भारती, जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के साथ ही कई जनप्रतिनिधि, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता महिपाल सिंह ने बताया कि प्रस्तावित कार्ययोजना में सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, नवीन सड़कों का निर्माण, रोड सेफ्टी से संबंधित कार्य, हेलीपैड निर्माण, सेतु निर्माण तथा भवन निर्माण कार्य शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इन कार्यों का उद्देश्य जिले में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बढ़ाना तथा आमजन को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि सभी प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर व्यवस्थित रूप से संकलित कर शासन को अनुमोदन के लिए शीघ्र भेजें, ताकि स्वीकृति प्राप्त होने के उपरांत विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से प्रारंभ कराया जा सके।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर बल दिया तथा कहा कि बेहतर सड़क एवं पुल अवसंरचना से क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।