पुलिस अधीक्षक कार्यालय में छात्रा को मिशन शक्ति का पंपलेट देते आईजी तरुण गाबा।
रायबरेली। मिशन शक्ति अभियान के पांचवें चरण की शुरुआत हो चुकी है। महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाना ही हम सबका लक्ष्य है। थानों पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किया गया है, जिसके जरिए महिला संबंधी शिकायतों का निस्तारण कराया जा रहा है। पुलिस विभाग समाज कल्याण समेत अन्य विभाग मिलकर इस अभियान को सफल बनाने का काम कर रहे हैं। ये बातें बृहस्पतिवार को लखनऊ रेंज के आईजी तरुण गाबा ने कहीं।
दोपहर बाद जिले में पहुंचे आईजी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभागार मेंं सभी थानों में तैनात अतिरिक्त निरीक्षकों के साथ बैठक की। उन्होंने 22 सितंबर से शुरू हुए मिशन शक्ति अभियान के पांचवें चरण की समीक्षा की। थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्र के प्रभारियों को निर्देश दिए कि इस कार्य में किसी तरह की शिथिलता न बरती जाए। थानों में आने वाली महिलाओं को हर हाल में न्याय दिलाना है।
नारी सशक्तीकरण की दिशा में मिशन शक्ति अभियान एक सार्थक कड़ी के रूप में है। महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। आईजी ने गाजियाबाद में महिला पुलिस अधिकारियों से बदमाशों की हुई मुठभेड़ को अच्छा कदम बताया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा, सीओ सदर अरुण कुमार नौहवार, सदर कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह मौजूद रहे।
एंटी रोमियो टीमों को किया जा रहा सक्रिय
मीडिया से बातचीत में आईजी ने कहा कि एंटी रोमियो टीमों को और सक्रिय किया जा रहा है। स्कूलों के बाहर लगे पिंक बॉक्स में आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा और उन पर कार्रवाई कराई जाएगी। बैठक के बाद आईजी ने महिलाओं से भी मुलाकात करके अभियान को सफल बनाने की बात कही।