लालगंज-डलमऊ (रायबरेली)। जिले में भी अग्निपथ योजना का विरोध शुरू हो गया है। शुक्रवार को लालगंज और डलमऊ में युवाओं ने योजना के विरोध में नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया।
तिरंगा लहराकर अपना आक्रोश जताया। इस दौरान सभी ने केंद्र सरकार को जमकर कोसा और तत्काल अग्निपथ योजना का आदेश वापस लेने की मांग की। सूूचना पर पहुंचे अफसरों ने युवाओं को समझाकर शांत कराया।
डलमऊ क्षेत्र के पखरौली ग्राउंड में भारी संख्या में युवा एकत्र हुए और अग्निपथ योजना के विरोध में प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।
उपजिलाधिकारी डलमऊ आशीष कुमार मिश्रा, क्षेत्राधिकारी डलमऊ अशोक कुमार सिंह के साथ भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचकर एकत्रित युवाओं को समझाने-बुझाने का प्रयास करने लगे।
बीच-बीच में युवा उत्तेजित होकर नारेबाजी करने लगते। तिरंगा भी फहराते। वहां मौजूद उप जिलाधिकारी तथा क्षेत्राधिकारी डलमऊ को ज्ञापन देकर अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का आह्वान किया। करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन चला।
इसके बाद समझाने के बाद युवाओं ने अपना विरोध प्रदर्शन बंद किया। एसडीएम ने बताया कि मौके पर पहुंचकर युवाओं को समझा-बुझाकर शांत कराया गया। इस दौरान कोतवाल पंकज त्रिपाठी भी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
लालगंज कस्बे के गांधी चौराहा में युवाओं ने अग्निपथ योजना के विरोध में प्रदर्शन किया। पुलिस-प्रशासन के सामने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बाद में पुलिस ने सख्ती दिखाकर युवाओं को तितर-बितर किया। अचानक युवाओं ने अग्निपथ योजना का विरोध करते हुए प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।
सूूचना पर एसडीएम विजय कुमार, सीओ लालगंज महिपाल पाठक के अलावा पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने युवाओं का ज्ञापन लिया और उन्हें समझाकर शांत करा दिया। इस दौरान पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया।