ऊंचाहार (रायबरेली)। ब्लॉक क्षेत्र के शुकुरूल्लापुर ग्राम पंचायत में कोटा चयन को लेकर आयोजित बैठक में अधिकारियों के पहुंचने से पहले हंगामा हो गया।
वर्चस्व को लेकर दो युवक आपस में भिड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। अधिकारी कोरम न पूरा होने की वजह से बैठक स्थगित करने बात कह रहे हैं।
शुकुरुल्लापुर कोटेदार जितेंद्र तिवारी की मौत के बाद रिक्त दुकान के चयन के लिए बुधवार को खुली बैठक बुलाई गई। एडीओ सहकारिता रमेश कुमार को चयन कराने की जिम्मेदारी दी गई थी।
अधिकारियों के पहुंचने से पहले ही चयन को लेकर दो युवक आपस में बहस के बाद भिड़ गए। इससे गांव के लोग वहां से भाग निकले। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लिया।
कुछ देर बाद अधिकारी वहां पहुंचे तो गांव वालों की संख्या कम थी, जिससे बैठक स्थगित कर दी गई। एडीओ सहकारिता ने बताया कि विवाद व कोरम न पूरा होने की वजह बैठक रद्द कर दी गई। दोबारा बैठक होगी।