रायबरेली। युवक की हत्या के मामले में दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने पर बुधवार को लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। सभी ने एसपी दफ्तर के सामने महराजगंज कोतवाल शरद कुमार के खिलाफ नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया।
आरोप लगाया कि कोतवाल के रहते हुए पीड़ित परिवार को इंसाफ मिलना मुश्किल हो गया है। जब से कोतवाल की तैनाती हुई है, तब से क्षेत्र में अपराधियों का बोलबाला है। मामले में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने और कोतवाल को हटाए जाने की मांग की।
राष्ट्रीय पासी सेना के अध्यक्ष संजय पासी की अगुवाई में राकेश यादव, गुड्डू शुक्ला, जितेंद्र यादव, पवन बनवारी सविता, रामदीन पासी, राम अभिलाख सविता, छोटेलाल यादव, मोबीन खान, राजाराम मौर्या, तौफीक खान, आलोक कुमार, दयाराम गौतम आदि ने एसपी दफ्तर में पहुंचकर नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया।
सभी का कहना था कि महराजगंज क्षेत्र के पिंडारीकलां गांव निवासी आनंद यादव उर्फ लल्लू यादव की उस समय हत्या कर दी गई थी, जब वह अपने जेसीबी ड्राइवर को खाना लेकर जा रहा था। गड़रियन पुरवा के पास हत्या की गई।
कोतवाल शरद कुमार ने हत्या की घटना को छुपाने के लिए पीड़ित पक्ष पर दबाव बनाकर दुर्घटना की रिपोर्ट लिखाई। विरोध करने पर फर्जी मामले में फंसाने की धमकी भी दी। सभी ने एसपी को पत्र देकर कोतवाल के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हटाए जाने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि मामले में पीड़ित परिवार को इंसाफ नहीं मिला तो धरना शुरू कर दिया जाएगा। एसपी श्लोक कुमार ने मामले की जांच सीओ महराजगंज रामकिशोर सिंह को सौंपी है।