रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में मिशन शक्ति के तहत बुधवार को विद्यालय की कक्षा 11 की मेधावी छात्रा सोबिया अंसारी को एक दिन का प्रधानाचार्य बनाया गया। प्रधानाचार्य डॉ. देवेंद्र कुमार मिश्र ने सोबिया को कार्यभार सौंपा और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
पदभार ग्रहण करने के बाद सोबिया अंसारी ने शिक्षकों-कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति पंजिका को देखा। आई शिकायतों और प्रार्थना पत्रों का अवलोकन कर उनका निस्तारण किया।
साफ-सफाई का जायजा लेने के लिए विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया, फिर कक्षाओं में जाकर पठन-पाठन का कार्य देखा और छात्र-छात्राओं से उनकी परेशानियां पूछीं।
उनकी दिक्कतों का समाधान करने के साथ ही अच्छे ढंग से पढ़ाई करने और मेधावी बनकर नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। सोबिया ने कोरोना महामारी से बचाव के लिए सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की नसीहत दी।
सोबिया ने इस अवसर को अपने जीवन की सर्वश्रेष्ठ अनुभूति बताया तथा समाज में एक स्वस्थ वातावरण बनाने में विद्यालय की भूमिका के महत्व पर प्रकाश डाला। सोबिया को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
देवेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि मिशन शक्ति के अंतर्गत इस प्रकार के आयोजनों से बेटियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ जिम्मेदारियों का अहसास भी होता है। इस अवसर पर संजीव शर्मा, अजीत शर्मा, रंजना शर्मा, मनीष श्रीवास्तव, प्रतीक कुमार, अश्विनी शर्मा, रेखा सिंह, प्रतीक, अमित पांडेय, मनोज पौराणिक, अंकिता, मलय आदि उपस्थित रहे।