रायबरेली-खीरों। गर्मी में भरपूर बिजली आपूर्ति करने का दावा हवाई साबित हो रहा है। पूरे साल पेड़ की डालियों की छंटाई और मरम्मत के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च हो गए, लेकिन उपभोक्ताओं को बिजली संकट से राहत नहीं मिल पा रही है। कहीं केबल जल रही है, तो कहीं उपकरण फुंक रहे हैं। बिजली का रोस्टर ध्वस्त हो गया है। अघोषित कटौती से लोगों में आक्रोश है।
बुधवार शाम छह बजे से रात 12 बजे तक कभी आधा घंटे तो कभी एक घंटे की रोस्टिंग से लोग बेहाल रहे। शहर के विद्युत उपकेंद्र गोराबाजार से निकले पीएसपी फीडर की केबल आए दिन फुंक रही है। इससे नागरिकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। प्रगतिपुरम, आईटीआई, तेलियाकोट उपकेंद्र से जुड़े मोहल्ले के लोग ट्रिपिंग की समस्या से जूझ रहे हैं।
हलोर प्रतिनिधि के मुताबिक भीषण गर्मी में बिजली की अंधाधुंध कटौती हो रही है। गर्मी में बार-बार बिजली की आवाजाही से नींद हराम है। 18 घंटे बिजली आपूर्ति का रोस्टर है, लेकिन महज 10 घंटे बिजली कई टुकड़ों में मिल रही है। ग्रामीणों ने अघोषित बिजली कटौती बंद किए जाने की मांग की है।
शिवगढ़ प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बेपटरी हो गई है। क्षेत्रीय व्यापार मंडल संरक्षक उमाकांत अवस्थी, राजेश तिवारी, किसान राजू द्विवेदी, रतीपाल रावत, विशाल त्रिवेदी, हरिहर सिंह, राकेश सिंह ने बताया कि बिजली आने-जाने का कोई समय नहीं है। उपखंड अधिकारी प्रमोद कुमार वर्मा ने बताया कि लोकल स्तर पर कोई कटौती नहीं की जाती है। अघोषित कटौती ऊपर से होती है।
ट्रांसफार्मर में आग लगने से बिजली गुल
खीरों ब्लॉक क्षेत्र के देवगांव के बाहर 63 केवीए ट्रांसफार्मर में आग लग गई। बिजली गुल होने के कारण लोगों को गर्मी और उसम से जूझना पड़ रहा है। पेयजल की समस्या से लोग जूझ रहे हैं। ग्रामीण लालबहादुर सिंह चौहान, अखिलेश पांडेय, देवेंद्र यादव, धनपति पासवान, अरविंद कुमार ने बताया कि जर्जर तार की वजह से आए दिन फॉल्ट से बिजली गुल रहती है।
बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे ट्रांसफार्मर के पास केबल में आग लग गई। इसके बाद ट्रांसफार्मर से आग की लपटें निकलने लगी। करीब एक घंटे तक ट्रांसफार्मर जलता रहा। उपखंड अधिकारी खीरों अनमोल डागौर ने बताया कि जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाकर आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।
लालगंज में केबल जलने से आपूर्ति ठप
लालगंज (रायबरेली)। कस्बे के कोतवाली गेट के सामने फतेहपुर मार्ग पर बुधवार देर रात करीब 10 बजे बिजली के केबल में आग लगने से आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। सड़क पर चल रहे वाहन रुक गए। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। सूचना मिलने पर विद्युत उपकेंद्र से पहुंची टीम ने जली केबल को बदलकर आपूर्ति बहाल कराई। जेई दीपक कुमार ने बताया कि गर्मी के कारण केबल जली थी। मरम्मत कराकर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है। (संवाद)