रायबरेली। लंबे अरसे के बाद गुरुवार (आज) से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होगी। पढ़ाई शुरू कराने के लिए बुधवार को दिनभर तैयारियों को पूरी कराया गया।
क्लास रूम के साथ ही सभी प्रकार की प्रयोगशालाएं अपडेट करवा दी गई हैं। पीजीआई चंडीगढ़ के निदेशक से पढ़ाई शुरू कराई जाएगी। दाखिला लेने वाले छात्र-छात्राएं भी पहुंच गए हैं। सभी को हॉस्टल अलॉट कर दिया गया है।
एम्स में 13 अगस्त 2018 से ओपीडी शुरू करा दी गई थी। एमबीबीएस के पहले बैच को शुरू कराने में विभाग को एक साल लग गए। 29 अगस्त की सुबह नौ बजे कार्यक्रम के साथ ही कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।
एम्स के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी समीर शुक्ला बुधवार को क्लास रूम, प्रयोगशाला का निरीक्षण किया और देररात तक अब कुछ अपडेट करने के निर्देश दिए।
एम्स में गुरुवार को एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू कराने के लिए पीजीआई चंडीगढ़ निदेशक प्रो. जगतराज, अध्यक्ष प्रो. प्रमोद गर्ग, ओएसडी डॉ. डी बेहरा, उप निदेशक अमिताभ अवस्थी, वित्तीय सलाहकार कुमार अभय, एम्स के अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार शामिल होंगे।
एम्स में एमबीबीएस के पहले बैच को शुरू कराने के लिए मिली 50 सीटें कंफर्म हो गई हैं। छात्रों को हॉस्टल भी अलॉट कर दिया गया है। पढ़ाने के लिए नियुक्त किए गए 22 डॉक्टरों में 15 डॉक्टरों ने यहां आकर जॉइन कर लिया है। शेष डॉक्टर भी जल्द ही यहां आकर जॉइन करेंगे।
एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू कराने के लिए होने वाले कार्यक्रम के दौरान सुबह नौ से 11 बजे तक ओपीडी बंद रहेगी। ओपीडी के सभी चिकित्सकों में कार्यक्रम में शामिल होने के आदेश दिए गए हैं।
एम्स में ओपीडी सुबह 11 बजे के बाद शुरू होगी। इसके लिए एम्स के गेट पर नोटिस भी चस्पा कर दिया गया है। एम्स के डी-2 भवन में एमबीबीएस की कक्षाओं के संचालन के साथ ही सभी प्रकार की प्रयोगशालाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
डेमों रूम, स्टडी रूम, मानव विज्ञान प्रयोगशाला, विच्छेदन हाल, शव गृह सहित सभी प्रयोगशालाएं उपलब्ध कराई गई हैं। भवन की तीसरी मंजिल पर प्रोजेक्टर के माध्यम से पढ़ाई होगी।
वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एम्स रायबरेली समीर शुक्ला ने बताया कि एमबीबीएस के पहले बैच को शुरू कराने के लिए गुरुवार सुबह नौ बजे कार्यक्रम होगा।
पीजीआई चंडीगढ़ के निदेशक सहित अन्य अधिकारी कार्यक्रम में शामिल होंगे। पढ़ाई शुरू कराने के लिए तैयारियों को पूरा करा दिया गया है। सभी बच्चों को हॉस्टल भी अलॉट कर दिए गए हैं।