शिवगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पिकअप की टक्कर से गर्भवती महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भवानीगढ़ कस्बा निवासी सगीर टैक्सी चालक है। उसकी गर्भवती पत्नी सहाना बानो (25) सुबह खेत जा रही थी। गांव की कुछ दूरी पर बांदा-बहराइच मार्ग पर बछरावां की ओर से शिवगढ़ जा रही पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिवारीजन और ग्रामीणों ने उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने पिकअप को पकड़ लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवारीजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
दो साल की बेटी आशियाबानो को यह भी नहीं मालूम कि उसकी मां अब इस दुनिया में नहीं है। मृतका स्वयं घर में सिलाई का काम करके घर चलाने में मदद करती थी। थानेदार अरविंद सरोज ने बताया कि शव को पीएम के लिए भेजा गया है। दुर्घटना करने वाले वाहन को पकड़ लिया गया है।