रायबरेली। मामूली बारिश से ही मंगलवार रात शहर समेत गांवों की बिजली ठप हो गई। इससे कई घंटे तक शहर अंधेरे में डूबा रहा।
बारिश के दौरान बिजली के संपर्क में आने से तेलियाकोट विद्युत उपकेंद्र का 10 एमवीए ट्रांसफार्मर खराब हो गया। इससे लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
पावर कॉर्पोरेशन की अधूरी व्यवस्था के चलते बिजली आपूर्ति बहाल करने में कर्मचारियों को पसीना बहाना पड़ा। वहीं अमावां ट्रांसमिशन में तकनीकी खराबी आने से शहर के आईटीआई और गोराबाजार इलाके की बिजली गुल रही।
जिले में बिजली व्यवस्था जर्जर उपकरणों के भरोसे है। मंगलवार रात बारिश के दौरान पूरे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
बारिश थमने के बाद बिजली आपूर्ति शुरू हुई तो कहीं 33 केवी लाइन तो कहीं उपकेंद्रों में लगे उपकरण जवाब दे गए। तेलियाकोट उपकेंद्र में लगा 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर खराब होने से रातभर बिजली नहीं आई।
इससे आनंद नगर, तेलियाकोट, सुपरमार्कट, बस स्टेशन, राना नगर, न्यू राना समेत कई मोहल्लों की बिजली गुल रही। ट्रांसफार्मर लगे दो पांच-पांच एमवीए और दूसरे विद्युत उपकेंद्रों के फीडरों से मोहल्लों की बिजली आपूर्ति शुरू की गई।
अमावां ट्रांसमिशन में तकनीकी खराबी आने से आईटीआई, गोराबाजार के अलावा ऊंचाहार, जगतपुर, डीह, परशदेपुर की बिजली आपूर्ति बंद रही। करीब 12 बजे बाद ट्रांसमिशन से बिजली शुरू हुई। इसके बाद आईटीआई और गोराबाजार की बिजली आपूर्ति शुरू हो सकी। अन्य उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति सुबह बहाल हो पाई।
डलमऊ ट्रांसमिशन से जुड़े गदागंज, उतरपारा, कठगर, डलमऊ की 33 केवी लाइनों में फॉल्ट आने से बिजली व्यवस्था ध्वस्त रही।
लाइनों में फॉल्ट ठीक कराकर रात में ही सप्लाई बहाल कराई गई, लेकिन रात भर बिजली आती और जाती रही। पहली बारिश में ही बिजली का जर्जर ढांचा जवाब दे गया। इससे साफ जाहिर है कि पावर कॉर्पोरेशन बिजली आपूर्ति व्यवस्था महज कागजों पर ही चुस्त दुरुस्त है।
गुरुवार तक आ सकता है ट्रांसफार्मर
तेलियाकोट उपकेंद्र का 10 एमवीए ट्रांसफार्मर खराब हो गया है। गुरुवार तक दूसरा ट्रांसफार्मर आने की उम्मीद है। बारिश की वजह से बिजली आपूर्ति प्रभावित थी। अब सभी जगह बिजली सप्लाई दुरुस्त हो गई है। तेलियाकोट के फीडरों को अन्य उपकेंद्रों से जोड़कर बिजली चलाई जा रही है।
-विवेक कुमार अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता, पावर कॉर्पोरेशन