हरचंदपुर (रायबरेली)। क्षेत्र के अडोबर गांव में सोमवार को आयोजित जसवंत सिंह स्मारक क्रिकेट टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में पूरे नारायण शुकुल की टीम ने जीत दर्ज की। उसने मझिगवां स्पोर्टिंग क्लब को हराया और शील्ड अपने नाम की। आयोजन कमेटी ने विजेता और उप विजेता टीमों को पुरस्कृत किया।
क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन पहली जून से किया जा रहा है जिसमें क्षेत्र की 16 टीमों ने प्रतिभाग किया। टूर्नामेंट का फाइनल मैच पूरे नारायण शुक्ल और मझिगवां की टीमों के मध्य खेला गया। टॉस जीतने के बाद मझिगवां की टीम ने क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पूरे नारायण शुकुल गांव की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 86 रन का लक्ष्य खड़ा किया। जवाब में उतरी मझिगवां स्पोर्टिंग क्लब की टीम 63 रन पर ही सिमट गई।
फाइनल मैच में विजयी रही पूरे नारायण शुक्ल की टीम को शील्ड प्रदान की गई। उप विजेता मझिगवां की टीम को भी पुरस्कृत किया गया। ‘मैन आफ द मैच’ का खिताब वकार को मिला जबकि ‘मैन आफ द सिरीज’ सुमित को दिया गया। संयोजक बउआ सिंह ने आभार जताया। इस अवसर पर मुकेश सिंह, सत्यप्रकाश तिवारी, सचिन द्विवेदी, रिंकू मिश्रा, आदर्श सिंह, नंदू, दीपू मौर्या, संजीव द्विवेदी, अमन सिंह, कुलदीप वर्मा, अनिरुद्ध वर्मा, गोलू गुप्ता, अमरेश, मो. रईस, रिजवान आदि मौजूद रहे।