इन्हौना (रायबरेली)। अमेठी जिले में नामांकन और चुनाव प्रचार के दौरान आचार संहिता उल्लंघन के मामलों को लेकर पुलिस सक्रिय हो गई है। रविवार को डीडीसी पद के पांच और प्रधान पद के एक दावेदार के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज कराया गया। साथ ही वाहनों पर लगी प्रचार सामग्री को हटवा दिया।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए रविवार को अमेठी जिले की इन्हौना पुलिस चौकी प्रभारी तनुज कुमार पाल ने नियमों का उल्लंघन करने वाले जिला पंचायत सदस्य पद के पांच व प्रधान पद के एक दावेदार के खिलाफ धारा 171 च के तहत कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने उम्मीदवारों को नियमों के तहत प्रचार-प्रसार करने की सख्त हिदायत भी दी है। चौकी प्रभारी ने बताया कि चेतावनी के बावजूद भी दावेदार अपने वाहनों में पोस्टर बैनर लगाकर फर्राटा भर रहे थे। सभी के वाहन से पोस्टर बैनर हटवाकर उनके खिलाफ 171 च के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
अराजकता फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
इन्हौना। शिवरतनगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार सिंह ने पंचायत चुनाव के मद्देनजर रविवार को प्राइमरी पाठशाला सेमरौता में चौपाल लगाई। संवेदनशील की श्रेणी में शामिल इस बूथ पर उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। कहा कि सभी लोग निर्भीक होकर मतदान करें। अराजकता फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। कहा कि गांव में कोई शराब, गांजा की बिक्री नहीं करेगा। उपनिरीक्षक सुजीत सिंह, राजस्व निरीक्षक धनंजय श्रीवास्तव, रामू तिवारी, कर्ण बाजपेई, जहीर कुरैशी, मनीष बाजपेई, तारकनाथ, अरुण मिश्र आदि मौजूद रहे।