रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को कुछ हमलावरों ने कार सवार सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष और उनके बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया। लाठी-डंडों से न सिर्फ पिटाई की, बल्कि उनकी कार क्षतिग्रस्त कर दी। सूचना पर पुलिस हमलावरों को पकड़ने उनके घर पहुंच गई। इस पर हमलावरों और उनके परिवारीजनों ने मिल एरिया थानेदार और उनकी टीम पर ईंट-पत्थर बरसाना शुरू कर दिया।
पथराव में थाने का एक सिपाही घायल हो गया। पुलिस ने एक हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पीड़ित और एसओ की तहरीर पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अन्य हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। वारदात के पीछे रंजिश की बात सामने आ रही है।
छजलापुर निवासी सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश कुमार तिवारी सुबह अपने बेटे वरुण तिवारी कार पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। तभी गांव के ही कुछ हमलावरों ने एक राय होकर लाठी-डंडों से लैस होकर हमला बोल दिया। दोनों की पिटाई की। इससे पिता-पुत्र को चोटें आई। साथ ही हमलावरों ने कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची तो हमलावर फरार हो गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसओ राजकुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ धरपकड़ के लिए हमलावरों के घर पहुंच गए। इस दौरान हमलावरों और उनके परिवारीजनों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर चला दिए। पथराव से थाने की गाड़ी का शीशा टूट गया।
साथ ही सिपाही इबरान हुसैन घायल हो गया। बाद में अन्य फोर्स मौके पर बुला ली गई। पुलिस ने एक हमलावर को गिरफ्तार करा लिया गया।
थानेदार ने बताया कि अधिवक्ता की तहरीर पर मुकेश कुमार मिश्रा, सतीश मिश्रा उर्फ टिंकी, शिवम मिश्रा के खिलाफ मारपीट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
दूसरी एफआईआर में स्वयं थानेदार की तहरीर पर मुकेश मिश्रा, शिवम मिश्रा उर्फ गोपू, सतीश मिश्रा उर्फ टिंकू, आशा मिश्रा, सीमा मिश्रा के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पथराव करने, जान से मारने की धमकी, मारपीट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। थानेदार का कहना है कि हमलावर मुकेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी हमलावरों की भी तलाश की जा रही है।