रायबरेली। उल्टी-दस्त और डायरिया की चपेट में आने बुधवार को 23 मरीजों की हालत बिगड़ गई। एक-एक करके सभी को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। इलाज शुरू होने के बाद मरीजों की हालत में सुधार है। उधर, ओपीडी में भी बुखार और उल्टी दस्त के मरीजों की संख्या अधिक रही।
जिला अस्पताल में बुधवार को अलग-अलग इलाकों से उल्टी दस्त के 23 मरीजों को भर्ती कराने के लिए लाया गया। उल्टी दस्त की चपेट में आने के बाद वैभव (6), रितिक (2), सोफिया (6), अनस (8), सुशीला (40), उर्मिला (60), महिला (22), ईरम (17), नूर मोहम्मद (42), सत्येंद्र (36), हरीराम (65), सुनीता (53), निखिल (30), काजल (35), रवीशंकर (64) आदि मरीजों को भर्ती कराया गया।
इसके अलावा बुखार, सांस की समस्या के साथ ही सीने में दर्द के भी कई मरीजों को भर्ती कराया गया। उधर, ओपीडी में भी सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। 1800 से अधिक मरीजों ने चिकित्सकों के पास पहुंचकर चिकित्सीय सलाह ली। परचा और दवा काउंटरों पर लाइन देखने को मिली। मेडिसिन विभाग में सबसे अधिक मरीज इलाज कराने के लिए पहुंचे। सीएमएस डॉ. प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि खराब मौसम के कारण डायरिया के मरीज बढ़े हैं। अस्पताल में मरीजों के जांच और इलाज के पर्याप्त बंदोबस्त हैं।
डायरिया से बचाव के लिए यह करें
जिला अस्पताल के मेडिसिन विभाग के चिकित्सक डॉ. गौरव त्रिवेदी का कहना है कि उल्टी दस्त व डायरिया की समस्या होने पर अधिक से अधिक साफ पानी पीएं। बासी भोजन के सेवन से बचें। ताजे फलों व मौसमी सब्जी खाएं। अत्यधिक गर्मी में बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। फास्ट फूड और तैलीय भोजन आदि का सेवन न करें। खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन न करें। समय-समय पर नींबू, नमक और चीनी का घोल इस्तेमाल करें। लक्षण दिखने पर डॉक्टर से सलाह लें और दवा लें।