रायबरेली। जिले के 54 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेला में 2411 मरीजों की सेहत परखी गई। इसमें ज्यादातर मरीज बुखार और सर्दी जुकाम से पीड़ित रहे। डॉक्टरों ने रोगियों को सलाह दी कि धूप में बाहर न निकले। पानी का अधिक सेवन करने की सलाह दी गई।
बीमार होने पर अस्पताल में इलाज कराने के लिए प्रेरित किया गया। आरोग्य मेले में 577 बुखार, उल्टी दस्त के 221, सांस के 105, सीने में दर्द के 85 मरीज आए। 11 मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। घुरवारा में रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटघर पर मरीजों की भीड़ देखने को मिली।
मेले में लोगों को निशुल्क जांच, परामर्श और दवाइयों की सुविधा प्रदान की गई। इस दौरान उल्टी दस्त के सबसे अधिक 30 मरीज आए। चिकित्साधिकारी डॉ. रूपाली शुक्ला ने 50 मरीजों का उपचार किया।
गर्मी में एहतियात बरतने की दी सलाह
गदागंज। दीनशाह गौरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर धई, गोविंदपुर माधव, रसूलपुर धरावां में 310 रोगियों का इलाज किया गया। इस दौरान बुखार के 100 रोगी आए। इनकी इलाज किया गया। मरीजों को गर्मी में एहतियात बरतने की सलाह की गई। सीएचसी अधीक्षक ज्ञान प्रताप सिसोदिया ने बच्चों और बुजुर्गों को गर्मी से बचाने की सलाह दी।
स्वास्थ्य योजनाओं की दी जानकारी
सरेनी क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तेजगांव में 15 रोगियों का उपचार किया गया। सीएससी प्रभारी शुभम सिंह ने बताया कि इलाज के बाद रोगियों को दवा वितरित की गई। इस दौरान लोगों को स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि लू लगने पर पेट दर्द होने के साथ उल्टी और दस्त होने लगती है। ऐसे में पहले प्राथमिकी तौर पर ओआरएस का घोल दिया जाए।