फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना की आशंका पर भर्ती मरीज भागा, तीन घंटे बाद पुलिस ने पकड़ा

विज्ञापन
विज्ञापन
रायबरेली। कोरोना वायरस की आशंका को देखते हुए गुरुवार दोपहर जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया दुबई से आया युवक मौका पाकर भाग गया। मरीज के भागने की खबर से अस्पताल प्रशासन हड़कंप मच गया। सूचना पर जिले की पुलिस हरकत में आ गई। करीब तीन घंटे बाद मरीज अपने घर पर मिला।
विज्ञापन

पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे उसके घर से लाकर दोबारा आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया है। जुकाम-बुखार और सर्दी से ग्रसित एक और मरीज को भी आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। दोनों के सैंपल जांच के लिए केजीएमयू लखनऊ भेजे गए हैं। खीरों क्षेत्र के एक 35 वर्षीय युवक को गुरुवार दोपहर करीब 12.30 बजे जिला अस्पताल लाया गया था।
बताते हैं कि युवक 9 मार्च को दुबई से आया था। उसे जुकाम-बुखार और सर्दी की आशंका होने पर जिला अस्पताल लाया गया। एहतियातन उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया। रिस्पांस टीम ने सैंपल लेकर जांच के लिए लखनऊ भेज दिया। कुछ देर बाद पता चला कि मरीज वार्ड में नहीं है। अस्पताल में उसकी तलाश की गई, लेकिन उसकी जानकारी न मिलने पर अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
विज्ञापन

सीएमएस ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। मरीज को पकड़ने के लिए कोतवाली, गुरुबख्शगंज और खीरों की पुलिस लग गई। करीब तीन घंटे बाद मरीज अपने घर पर मिला। पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे दोबारा यहां लाकर आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया है। खीरों एसओ मणिशंकर ने बताया कि मरीज अपने घर आ गया था। उसे जिला अस्पताल भेजवा दिया है। उधर खीरों क्षेत्र के ही एक और व्यक्ति को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है।
शहर के एक मोहल्ले में दुबई से आए युवक की सेहत जांचने के लिए गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची तो पता चला कि युवक इलाज कराने के लिए लखनऊ गया है। हालांकि घर के लोगों की सेहत जांचने के बाद टीम लौट गई। घर के सभी लोग स्वस्थ बताए जा रहे हैं। परिवारीजनों को युवक के आने के बाद सूचना देने के निर्देश दिए गए।
इसके संक्रमण के फलस्वरूप तेज बुखार, जुकाम, सांस लेने में तकलीफ, नाक बहना और गले में खराश जैसी समस्या उत्पन्न होती है। यह वायरस एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैलता है, इसलिए इसे लेकर बहुत सावधानी बरतनी जरूरी है। कोरोना वायरस से बचने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। हाथों को साबुन से धोना चाहिए।
खांसते और छीकते समय नाक और मुंह रुमाल या टिश्यू पेपर से ढककर रखें। जिन व्यक्तियों में कोल्ड और फ्लू के लक्षण हों उनसे दूरी बनाकर रखें। अंडे और मांस के सेवन से बचें। जंगली जानवरों के संपर्क में आने से बचें।
जांच के लिए दो लोगों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया। इसमें एक युवक मौका पाकर भाग गया। हालांकि काफी प्रयास के बाद दोबारा उसे लाकर भर्ती किया गया है। जांच के लिए सैंपल लखनऊ भेजा गया है।-डॉ. एनके श्रीवास्तव, सीएमएस जिला अस्पताल
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें