रायबरेली। मिल एरिया पुलिस ने गुरुवार को करीब साढ़े तीन लाख कीमत की शराब बरामद की। पुलिस की मानें तो हरियाणा से शराब लाकर यहां पर अलग शीशियों में भरकर उसकी बिक्री कर रहे थे। पुलिस ने पिकअप चालक को गिरफ्तार किया, जबकि सरगना समेत दो लोग फरार हो गए। सीओ सदर गोपीनाथ सोनी ने बताया कि एक पिकअप पर शराब लादकर अमावां की तरफ ले जाया जा रहा था।
शारदा नहर पुल के पास मिल एरिया थानेदार राकेश सिंह, उपनिरीक्षक यदुनाथ यादव ने पिकअप रोककर तलाशी ली तो उसमें शराब की 119 पेटियां मिली। पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया। पेटियों में 5335 शीशियां शराब की थी। मौके से तेज बहादुर सिंह निवासी अशर्फाबाद निवासी महराजगंज को गिरफ्तार किया गया।
वहीं मिल एरिया थाना क्षेत्र के छजलापुर निवासी नान्हू उर्फ प्रदीप जायसवाल, हरदासपुर निवासी तेज बहादुर सिंह फरार हो गए। दोनों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है। सीओ ने बताया कि प्रदीप जायसवाल पहले भी अवैध शराब के मामले में पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि बरामद की गई शराब हरियाणा से लाई गई थी। यहां पर दूसरी शीशियों में भरकर उसकी बिक्री कराई जा रही थी।