जिला अस्पताल के वार्ड में भर्ती मरीज।
रायबरेली। जिले में सीने में दर्द, सांस के साथ बुखार के मरीज कम नहीं हो रहे हैं। शुक्रवार को सीने में दर्द उठने के बाद जिला अस्पताल लाए गए युवक की सांसें थम गईं। 21 से अधिक मरीजों को भर्ती करके इलाज शुरू किया गया। शुक्रवार को ओपीडी में कम मरीज आए, लेकिन इमरजेंसी में रोगियों की संख्या ज्यादा दिखी।
किलौली गांव के रहने वाले राकेश कुमार (40) को शुक्रवार को तड़के जिला अस्पताल की इमरजेंसी लाया गया। सीने में तेज दर्द होने के कारण मरीज को भर्ती कराया गया। कुछ ही देर बाद मरीज की मौत हाे गई। शुक्रवार को सीने में दर्द के बाद निर्मल (42), विमल (60), सीता (70), सांस लेने में समस्या होने पर रजनी (34), नीलम (28), दान बहादुर (68), भगौती (65), रमेश (68), जगदीश (65), घनश्याम (40), रामकरन (64), कुसुम (60) आदि को भर्ती कराया गया।
बुखार से ग्रसित तुलसा देवी (80), प्राची (35), शिवपती (30), अंश (11) आदि मरीजों को भर्ती करके इलाज शुरू किया गया। ओपीडी में हृदय रोग विभाग और मेडिसिन विभाग में ज्यादा मरीज पहुंचे। हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सलीम का कहना है कि ठंड में सांस और सीने में दर्द की समस्या का खतरा रहता है। ऐसे में लोग ठंड से बचने का प्रयास करें। दिक्कत होने पर बिना देरी किए चिकित्सक के पास पहुंचकर इलाज शुरू कराएं।