रायबरेली। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2026 में ग्राम प्रधान और जिला पंचायत सदस्य (डीडीसी) पदों के लिए 45-45 चुनाव चिह्न के मतपत्र मंगवाए जाएंगे। ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए अधिकतम 12 और क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) पद के लिए 36 चुनाव चिह्न वाले मतपत्र आएंगे। कम से कम चार चुनाव चिह्न के मतपत्र भी मंगवाए जाएंगे।
जिले में 2026 में पंचायत चुनाव प्रस्तावित हैं। प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए चुनाव होगा। चुनाव को लेकर तैयारी चल रही है। 1310 बीएलओ गांवों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के काम में जुटे हैं। आयोग से मिलने वाले निर्देशों के आधार पर अन्य तैयारियों को भी पूरा कराने का काम शुरू किया गया है। चुनाव में इस बार 93,66,700 बैलेट पेपरों की जरूरत होगी। सभी पदों के लिए अलग-अलग कलर से बैलेट पेपर होंगे।
सभी पदों के लिए अलग-अलग रंग के मतपत्र रहेंगे। प्रधान व डीडीसी के लिए चार, छह, नौ, 12, 18, 27, 36 और 45 चुनाव चिह्न वाले मतपत्रों के माध्यम से चुनाव कराया जाएगा। ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए चार, नौ और 12 चुनाव चिह्न, जबकि बीडीसी के लिए चार, छह, नौ, 12,18, 27 और 36 चुनाव चिह्न वाले मतपत्र आएंगे।
संख्या के अनुसार उपयोग
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रधान व डीडीसी पद के लिए अधिकतम 45 चुनाव चिह्न के मतपत्रों का प्रयोग होगा। इसके लिए आयोग से दिशा-निर्देश आए हैं। प्रत्याशियों की संख्या के आधार पर मतपत्रों का प्रयोग होगा।
विनायक शुक्ला, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी