रायबरेली। आनंद विहार से पुरी जाने वाली नीलांचल एक्सप्रेस पर पथराव हुआ। इसमें एक यात्री चोटिल हो गया। अभी कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। घटना मंगलवार शाम को हुई।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रिंस गुप्ता नाम से पोस्ट डाली गई, जिसमें बताया गया कि लखनऊ से भदोही के लिए वह यात्रा कर रहे थे। इसी बीच रायबरेली स्टेशन से पहले ट्रेन पर पथराव हुआ, जिसमें उनका दाहिना हाथ जख्मी हो गया। जख्मी हाथ की फोटो भी पोस्ट की गई। इस पोस्ट के आधार पर रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस ने छानबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
आरपीएफ इंस्पेक्टर एके सिंह का कहना है कि सोशल मीडिया के जरिये घटना के बारे में बताया गया, लेकिन यात्री का कोई मोबाइल नंबर या ब्योरा न होने से संपर्क नहीं किया जा सका। नीलांचल एक्सप्रेस के स्टाफ से पूछा गया है, लेकिन उन्हें ऐसी घटना की कोई जानकारी नहीं है। अगर कोई तहरीर मिली तो एफआईआर दर्ज की जाएगी।