फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वादकारी का हित रखना ही हमारा अस्तित्व

विज्ञापन
रायबरेली में शनिवार को दीवानी कचहरी में सेंट्रल बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह - फोटो : RAIBARAILY
विज्ञापन
रायबरेली। वादकारी को न्याय नहीं, तो न्याय एक नारा। वादकारी का हित हमेशा ध्यान में रखें। उसी से हमारा अस्तित्व है। यह बातें सेंट्रल बार एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान शनिवार को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिले के प्रशासनिक न्यायाधीश व हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सिद्धार्थ ने कहीं। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्य समय से न होने के कारण न्यायालयों में मामले बढ़ते जा रहे हैं। सीमित संसाधन होने की वजह से काम का दबाव ज्यादा होता है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता संसाधन का मोहताज नहीं है, लेकिन उन्हें मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए। बतौर मुख्य अतिथि हाईकोर्ट के जस्टिस राजीव सिंह ने अधिवक्ताओं से सलीके से अपनी बात अदालतों में रखने की नसीहत दी। साथ ही अधिवक्ताओं से अनुशासन में रहने और निर्धारित ड्रेस का पालन करने को कहा।
विज्ञापन

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद मुख्य अतिथियों ने अन्य अतिथियों के साथ सेंट्रल बार प्रांगण में चंदन के वृक्ष रोपित किए। अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। जिला जज अब्दुल शाहिद ने शुद्ध पेयजल के लिए शीघ्र ही 11 आरओ के लगने की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी। साथ ही अन्य समस्याओं से अवगत कराने को कहा। कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश रवींद्र विक्रम सिंह ने भी अपने विचार रखे। विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष व सदस्य प्रशांत सिंह अटल ने अधिवक्ताओं के गौरवशाली इतिहास का वर्णन किया। बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष व सदस्य अखिलेश कुमार अवस्थी ने तहसीलों में अधिवक्ताओं के आए दिन कार्य से विरत रहने पर चिंता जताई।
कनिष्ठ कार्यकारिणी व कनिष्ठ उपाध्यक्ष के निर्वाचित पदाधिकारियों को विशिष्ट अतिथि प्रशांत सिंह अटल ने शपथ दिलाई। वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य व संयुक्त मंत्री पद के निर्वाचित पदाधिकारियों को अखिलेश कुमार अवस्थी ने, उपाध्यक्ष व कोषाध्यक्ष को प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय रवींद्र विक्रम सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष को जिला जज, महामंत्री अमरेंद्र सिंह को जस्टिस राजीव सिंह व अध्यक्ष कमलेशचंद्र पांडेय को प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति सिद्धार्थ ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
विज्ञापन

कार्यक्रम का संचालन शिव कुमार शुक्ला ने किया। इस मौके पर अपर जिला जज अरुण कुमार मल्ल, राकेश कुमार तिवारी, विजयपाल, उदयवीर सिंह समेत कई न्यायिक अधिकारी, सेंट्रल बार के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मीशंकर बाजपेयी, रामबरन सिंह, ओपी सिंह, ओपी यादव, निवर्तमान अध्यक्ष सुरेंद्र बहादुर सिंह भदौरिया, निवर्तमान महामंत्री शशिकांत शुक्ल, पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश तिवारी, एल्डर कमेटी के चेयरमैन रवींद्र बहादुर सिंह, पूर्व महामंत्री हरिश्चंद्र शर्मा, विनोद द्विवेदी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें