रायबरेली में रविवार को सलोन कोतवाली क्षेत्र में सूची चौराहा के पास सड़क हादसे में चालक की हुई मौत के बाद क्षतिग्रस्त ट्रक।
- फोटो : अमर उजाला
सलोन कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह तेज रफ्तार मौरंग लदा ट्रक आगे जा रहे ट्रक में भिड़ गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया। ग्रामीणों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह उसे बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फतेहपुर से मौरंग लादकर दो ट्रक सलोन जा रहे थे। रायबरेली-जौनपुर हाईवे पर सूची चौराहा के पास आगे जा रहे ट्रक के सामने अचानक मैजिक आ गई। ट्रक चालक ने मैजिक को बचाने के चक्कर में एकाएक ब्रेक लगाया तो पीछे से आ रहा ट्रक उसमें भिड़ गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक पर फतेहपुर जिले के नई तहसील थाना क्षेत्र के गड़रियन का पुरवा मजरे अस्ती निवासी चालक सर्वेश पाल (35) के अलावा खलासी असगर अली सवार था। खलासी भी चालक के गांव का ही रहने वाला है।
हादसे के बाद खलासी तो किसी तरह बाहर निकल आया, लेकिन चालक ट्रक में फंसा रह गया। शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए। सूची चौकी इंचार्ज राजेश कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और लोगों के साथ मिलकर रस्से से ट्रक के क्षतिग्रस्त हिस्से को फैलाया।
इसके बाद चालक को बाहर निकाला जा सका। इस दौरान करीब एक घंटे तक खून से लथपथ चालक ट्रक में ही फंसा रहा, गंभीर हालत में पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में ट्रक के खलासी को भी चोटें आई हैं। चौकी इंचार्ज ने बताया कि जांच के बाद केस दर्ज किया जाएगा।