रायबरेली। जिले में कोरोना की चपेट में आए एक और वृद्ध ने दम तोड़ दिया। जिले में अब तक कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 107 हो गई है। गुरुवार को 2398 लोगों की जांच की गई जिनमें 16 लोग कोरोना संक्रमित मिले।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि नसीराबाद क्षेत्र के बभनपुर गांव निवासी 75 वर्षीय वृद्ध 18 दिसंबर को कोरोना संक्रमित मिला था। उसे गंभीर हालत में केजीएमयू लखनऊ में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान मरीज की मौत हो गई। जिले में अब तक कोरोना संक्रमित 107 लोग दम तोड़ चुके हैं।
जिले में गुरुवार को 2398 लोगों की जांच की गई, इनमें 16 लोग कोरोना संक्रमित मिले। पहले से संक्रमित 14 मरीज स्वस्थ होकर घर पहुंच गए। जिले में अब तक कोरोना संक्रमित मिले 5206 मरीजों में से 4865 स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान समय में 234 लोग कोरोना संक्रमित हैं।