विशिष्ट बीटीसी, द्विवार्षिक बीटीसी, उर्दू बीटीसी, प्रवीणताधारी एवं बीएलएड अभ्यर्थियों को शिक्षक बनाने के लिए बुधवार को जारी होने वाली कट ऑफ मेरिट की तारीख बढ़ गयी है। बेसिक शिक्षा सचिव ने अब 18 जून को कट ऑफ सूची जारी करने के आदेश दिए हैं।
शेष बची सीटों को भरने के लिए 21 जून को दूसरी काउंसलिंग के लिए प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दिए हैं। कट ऑफ सूची देखने के लिए बुधवार को बड़ी संख्या में पहुंचे अभ्यर्थियों को मायूस लौटना पड़ा।
प्रदेश में 15 हजार विशिष्ट बीटीसी, द्विवार्षिक बीटीसी, उर्दू बीटीसी, प्रवीणताधारी एवं बीएलएड अभ्यर्थियों को शिक्षक बनाने के लिए प्रक्रिया चल रही है।
जिले में 300 शिक्षकों की भर्ती होनी है। पूर्व में दो बार काउंसलिंग होने के बाद भी शासन स्तर से भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई थी। 14 जून को काउंसलिंग कराई गई, जिसमें 300 पदों के सापेक्ष 395 अभ्यर्थियों ने दावेदारी की। बुधवार को कट ऑफ मेरिट जारी होनी थी, लेकिन बेसिक शिक्षा सचिव संजय सिन्हा ने कट ऑफ जारी करने की तारीख को बढ़ाकर 18 जून कर दिया है।
17 जून को कट ऑफ तैयार कर ली जाएगी और 18 जून को उसे जारी किया जाएगा। इसके बाद शेष बचे पदों को भरने के लिए 21 जून को काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रभारी बीएसए अजय सिंह ने बताया कि सचिव का पत्र आने के बाद अब 18 जून को कट ऑफ जारी की जाएगी।