रायबरेली। कूड़े में दवा फेंकने का मामला अभी शांत भी नहीं हुुआ था कि बुधवार को शहर के सुपर मार्केट स्थित एक पार्क में ब्रेड फेंक दी गईं। ब्रेड को मवेशी खा रहे थे।
पार्क में ब्रेड फेंके जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो हड़कंप मच गया। सिटी मजिस्ट्रेट पल्लवी मिश्रा के निर्देश परर एफएसडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर 25 पैकेट ब्रेड बरामद कीं।
फेंकी गई ब्रेड मस्त-मस्त ब्रांड की हैं, जो एक्सपायर्ड (कालातीत ब्रेड) हैं। अधिकारियों ने ब्रेड बनाने वाली लखनऊ की कंपनी को नोटिस देकर 10 दिन के अंदर जवाब तलब किया है।
सुपर मार्केट स्थित पार्क में सुबह ब्रेड पड़ी मिली। इन ब्रेड को मवेशी खा रहे थे। यह देख लोग दंग रह गए। कुछ देर बाद पार्क में बेड फेंकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुुआ।
सिटी मजिस्ट्रेट के संज्ञान में मामला आया तो उन्होंने इसे गंभीरता से लिया। सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश पर एफएसडीए के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंद्र बहादुर यादव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार मौके पर पहुंचकर जांच की।
जांच में पता चला कि फेंकी गई ब्रेड मस्त ब्रांड की है। इस ब्रेड को बाई मिल्क मेड फूड्स इंडिया 94 ए ऐशबाग लखनऊ बना रही है। फेंकी गई ब्रेड एक्सपायर्ड थी।
मौके से कुल 25 पैकेट ब्रेड मिले, जिसकी कीमत 250 रुपये थी। अधिकारियों ने लखनऊ की कंपनी को नोटिस देकर 10 दिन के अंदर जवाब मांगा है कि रायबरेली जिले में कहां-कहां और किस-किस फुटकर या थोक विक्रेता को ब्रेड की सप्लाई की जाती है।
जवाब मिलने पर दुकानदारों का स्टॉक चेक कराया जाएगा। स्टॉक चेक के बाद ब्रेड फेंकने वाले दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अफसरों की लापरवाही की खुली पोल
लखनऊ के अलावा जिले में 20 फैक्ट्रियों में ब्रेड बनाई जा रही हैं। यहां मानक के अनुरूप ब्रेड नहीं बनाई जा रही हैं। यही वजह है कि जल्द ब्रेड खराब हो जाती हैं। पार्क में जिस तरह ब्रेड फेंकी गई, उसने अधिकारियों की लापरवाही की पोल खोल दी है।
सवाल उठता है कि अधिकारियों की ओर से दुकानों पर जाकर ब्रेड की क्वालिटी की जांच क्यों नहीं की जाती। चाहे फिर एफएसडीए के अभिहित अधिकारी हों या फिर खाद्य सुरक्षा अधिकारी वह आम जनता की सेहत को लेकर गंभीर नहीं हैं। सिर्फ ब्रेड ही नहीं, बल्कि अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री मनमाने ढंग से की जा रही है।
खाने से पहले चेक कर लें ब्रेड : डॉ.बीरबल
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ.बीरबल का कहना है कि गर्मी का सीजन चल रहा है। इसलिए ब्रेड खरीदने से पहले लोग जरूर चेक कर लें कि एक्सपायर्ड ब्रेड तो उन्हें नहीं थमाई जा रही है। उनका कहना है कि एक्सपायर्ड ब्रेड खाने से लोगों को डायरिया के अलावा पेट में जलन, गैस आदि की दिक्कत हो सकती थी। वैसे भी गर्मी में लोगों को खानपान पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।