8-जगतपुर क्षेत्र में सिल्ट के साथ खोदी गई पारी रजबहे की पटरी। संवाद
रायबरेली। सिंचाई विभाग खंड दक्षिणी सब डिवीजन द्वितीय के अभियंताओं की मनमानी थम नहीं रही। कहीं पर बिना नीलामी पेड़ काटे जा रहे हैं, कहीं पर सिल्ट बेची जा रही है। जगतपुर क्षेत्र से होकर निकले पारी रजबहे की सिल्ट ही नहीं नहर की पटरी भी बेच दी गई। यही नहीं खनन माफियाओं ने पटरी को दो फीट तक खोद डाला गया है। इससे किसानों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सिंचाई विभाग के अभियंताओं की इस मनमानी से लोगों में नाराजगी है।
शारदा सहायक नहर से निकले पारी रजबहा से पिछवारा, बिंदागंज, मियापुर, रेवली, मिचलवा, वसंतगंज आदि गांव के किसान सिंचाई करते हैं। इस बार सफाई के बाद सिल्ट नहर की पटरी पर रखी थी। किसान रामकिशोर, रामजियावन, रामकिशोर, आशाराम ने बताया कि नहर की पटरी पर लगी सिल्ट को बेच दी गई है। सिल्ट की नीलामी भी नहीं की गई। किसानों ने बताया कि सिल्ट के अलावा नहर की पटरी भी खनन माफिया खोद ले गए हैं। नहर की पटरी से खेतों की जोताई के लिए किसान ट्रैक्टर लेकर जाते थे, लेकिन खोदाई हो जाने से किसानों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों ने बताया कि सिल्ट चोरी का सिलसिला काफी दिनों चल रहा है। इसकी शिकायत सिंचाई विभाग के अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। यही नहीं ऊंचाहार क्षेत्र में बिना नीलामी के लाखों कीमत के पेड़ काट लिए गए। इस मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है। अधिशासी अभियंता सुशील कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।