रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली नौ ट्रेनें शनिवार को नहीं आईं, जिनमें छह ट्रेनें निरस्त रहीं और तीन ट्रेनें दूसरे रास्ते से चलाई गईं। निरस्त गाड़ियों में दो जोड़ी पैसेंजर ट्रेनें और एक जोड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस शामिल है।
आगरा-कोलकाता एक्सप्रेस, भोपाल-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस और चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस का रूट डायवर्जन किया गया। ये सभी ट्रेनें कानपुर रूट से संचालित होती हैं। कानपुर में गंगा पुल पर चल रहे काम की वजह से इन ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा।
इसके अलावा अन्य रूटों की कई ट्रेनों ने यात्रियों को काफी इतंजार कराया। अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल पौने दो घंटे, पुरी-आनंद विहार नीलांचल एक्सप्रेस सवा घंटे और पटना-जम्मू तवी अर्चना एक्सप्रेस एक घंटे देर से आई। दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस, हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल व बनारस-देहरादून जनता मेल ने पौन घंटे और टनकपुर-शक्ति नगर त्रिवेणी एक्सप्रेस, बनारस-नई दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, प्रयागराज-चंडीगढ़ ऊंचाहार एक्सप्रेस व लखनऊ-बनारस एक्सप्रेस ने आधे घंटे इंतजार कराया।
यातायात निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि कानपुर में रेलवे ट्रैक पर चल रहे काम की वजह से कई ट्रेनें निरस्त हैं तो कुछ गाड़ियों को दूसरे रास्तों से चला रहे हैं। अन्य रूटों की कुछ गाड़ियां विलंब से आई, लेकिन इनकी लेटलतीफी पहले से रही।