रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली नौ ट्रेनें बुधवार को नहीं आई, जबकि कई अन्य ट्रेनों ने काफी इंतजार कराया। इससे यात्रियों को परेशानी हुई।
कानपुर में गंगा पुल पर चल रहे रेल लाइन सुधार कार्य की वजह से ट्रेनों का संचालन प्रभावित है। दो जोड़ी पैसेंजर ट्रेनें एवं एक जोड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस निरस्त रहीं, वहीं चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस, भोपाल-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस एवं मुंबई-प्रतापगढ़ उद्योग नगरी एक्सप्रेस दूसरे रास्तों से चलाई गई।
दूसरे रूटों की कई ट्रेनें विलंब से पहुंची। लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर ने पांच घंटे इंतजार कराया। पुरी-आनंद विहार नीलांचल एक्सप्रेस सवा घंटे और प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस एक घंटे देर से आई। हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल व बनारस-देहरादून जनता मेल पौन घंटे और देहरादून-बनारस जनता मेल, बनारस-नई दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस व टनकपुर-सिंगरौली त्रिवेणी एक्सप्रेस आधे घंटे विलंब से पहुंची।
यातायात निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि इस जिले में किसी भी ट्रेन का संचालन प्रभावित नहीं हुआ है। सभी ट्रेनें पहले से ही लेट थीं। कानपुर रूट की ट्रेनें गंगा पुल पर चल रहे काम की वजह से प्रभावित हैं।