सरेनी क्षेत्र के हमीर गांव में जर्जर पंचायत भवन।
रायबरेली। जिले में जर्जर हो चुके 73 पंचायत घरों को नए भवन मिलेंगे। इसके लिए डीएम से मंजूरी मिल गई है। प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। बजट मिलते ही पंचायत भवनों के निर्माण कार्य शुरू होगा। जिले की ग्राम पंचायतों में वर्षों पहले बनवाए गए पंचायत घरों के भवन जर्जर हो चुके हैं। शासन की मंशा पर जिले में कराए गए सर्वे में 73 ग्राम पंचायतों में पंचायत घरों के भवन जर्जर मिले। इन पंचायत घरों का उपयोग ग्राम पंचायतें नहीं कर पा रही हैं।
इससे कामकाज प्रभावित हो रहा है। सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत घरों की व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए सर्वे कराया गया। सर्वे में सरेनी ब्लॉक के ग्राम पंचायत हमीरगांव, रमईनपुरकला, कतिकहा, बछरावां के तमनपुर, डलमऊ के बलीपुर, रसवां, उबरनी समेत 73 ग्राम पंचायतों के पंचायत घरों के भवन जर्जर मिले।
डीएम ने जर्जर पंचायत भवनों के स्थान पर नए भवन बनवाने को मंजूरी दी है। डीएम के अनुमोदन के बाद प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। डीपीआरओ विनय कुमार सिंह ने बताया कि 73 ग्राम पंचायतों में नए पंचायत घर बनवाए जाएंगे। डीएम का अनुमोदन मिलने के बाद प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इन भवनों के बनने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक कार्यों को सुचारु रूप से चलाने में मदद मिलेगी।