रायबरेली। कोहरे के कारण ट्रेनों का संचालन बुरी तरह प्रभावित है। इसके चलते मालदा टाउन-नई दिल्ली एक्सप्रेस निरस्त होने का कारण रविवार को नहीं आएगी। शनिवार को नई दिल्ली-बनारस काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, देहरादून-बनारस जनता मेल, बनारस-देहरादून जनता मेल और टनकपुर-शक्ति नगर त्रिवेणी एक्सप्रेस रद्द रही, जिससे ये ट्रेनें नहीं आईं। इसके अलावा अन्य गाड़ियां काफी विलंब से पहुंची। इससे यात्रियों को ट्रेनों के लिए कई घंटे इंतजार करना पड़ा।
दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस ने ढाई घंटे, आगरा-कोलकाता एक्सप्रेस ने दो घंटे और लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर व सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस ने पौने दो घंटे इंतजार कराया। हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल डेढ़ घंटे, पुरी-आनंद विहार नीलांचल एक्सप्रेस व चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस सहित कई अन्य ट्रेनें भी आधा घंटा से लेकर डेढ़ घंटे तक विलंब से चली। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि सभी ट्रेनें कोहरे की वजह से प्रभावित रहीं। (संवाद)