युवक की मौत के बाद बिलखते परिवारीजन।
- फोटो : RAIBARAILY
बछरावां (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में रानीखेड़ा मजरे राजामऊ गांव में आम के पेड़ से गांव के ही एक श्रमिक का शव लटकता मिला। जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया। मृतक के परिवारीजनों व ग्रामीणों ने हत्या कर शव को फंदे पर लटकाए जाने की आशंका जताई है।
रानीखेड़ा मजरे राजामऊ गांव में शनिवार सुबह गांव के बाहर आम के पेड़ से युवक का शव लटका मिला। ग्रामीणों ने देखा तो अफरातफरी मच गई। शव की शिनाख्त गांव के ही रंजीत (28) के रूप में हुई।
मृतक के छोटे भाई संदीप ने बताया कि बड़ा भाई रंजीत शुक्रवार शाम को घर से बिना बताए कहीं गया था। देर रात तक वह वापस नहीं आया। सुबह सूचना मिली कि उसका शव गांव के बाहर आम के पेड़ से लटका हुआ है। रंजीत की तीन वर्ष पूर्व बछरावां थाना क्षेत्र के कन्नावा गांव की रामदुलारी से हुई थी।
एक वर्ष पूर्व पत्नी से अनबन के चलते उसका तलाक हो गया था। रंजीत खेती व मजदूरी कर अपनी मां प्रेम कुमारी व परिवार के साथ गुजर बसर करता था। मृतक का पिता छविनाथ पंजाब में भट्टे पर मजदूरी करता है।
बेटे के शव मिलने की सूचना पर वह भी घर के लिए निकल चुका है। मृतक की मां व परिजन हत्या किए जाने की आशंका जता रहे। पेड़ से शव लटकता मिलने की सूचना पर बछरावां पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल राकेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर मौत की सही वजह सामने आएगी। तहरीर मिलते ही मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की जाएगी।