एमएलसी चुनाव के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया में शनिवार को सपा से घोषित प्रत्याशी मुकेश सिंह ने लाव-लश्कर के साथ पहुंचकर कलेक्ट्रेट में नामांकनपत्र जमा किया।
पर्चा दाखिल करने के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन भी देखने को मिला। कलेक्ट्रेट के गेट पर सपाइयों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को इधर-उधर करते हुए सपाई नामांकन कक्ष के गेट तक पहुंच गए।
अधिकारी और पुलिस मूकदर्शक बनी रही। सुपर मार्केट स्थित पार्टी कार्यालय से गाजे-बाजे के साथ प्रत्याशी कलेक्ट्रेट पहुंचा। गेट पर पुलिस व एडीएम वित्त एवं राजस्व शीतला प्रसाद ने सपाइयों को रोकने का प्रयास किया।
लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी। कलेक्ट्रेट के गेट से लेकर नामांकन कक्ष के पास तक सपाइयों की लबालब भीड़ रही।
सपा प्रत्याशी मुकेश सिंह का नामांकन कराने के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. मनोज पांडेय, सलोन विधायक आशा किशोर, बछरावां विधायक रामलाल अकेला, हरचंदपुर विधायक सुरेंद्र विक्रम सिंह, जिलाध्यक्ष रामबहादुर यादव, अनुराग पांडेय आदि सपा नेता, कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।