सलोन कोतवाली क्षेत्र में सूची चौराहे पर शुक्रवार को बेकाबू ट्रक बाइक सवार मां-बेटे को कुचलने के बाद सड़क के किनारे चार गुमटियों को तोड़ते हुए एक पक्के मकान में जा घुसा। घटना से आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। दुकानदारों ने किसी तरह से भाग कर जान बचाई।
ट्रक की टक्कर से गंभीर घायल मां-बेटे को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ में मां ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन छोड़कर चालक और खलासी मौके से भाग निकले। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
डीह थाना क्षेत्र के कुटिला मजरे सरांय मानिक गांव निवासी रवी और उसकी मां राजकुमारी गोकना गंगा घाट पर स्नान करने गए थे। दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। सूची चौराहे पर सड़क पार करते समय रायबरेली से सलोन की ओर आम लादकर जा रहे ट्रक ने बाइक सवार मां-बेटे को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे एक के बाद एक चार गुमटियों को तोड़ते हुए एक घर में जा घुसा।
सड़क किनारे रखी दशरथलाल की पान की गुमटी में टक्कर मारने के बाद इसी दुकानदार की कॉस्टमेटिक की गुमटी को तोड़ दिया। फिर रामदेव की मोबाइल की दुकान में टक्कर मारने के बाद अशोक चौरसिया की पक्के कमरे में खुली किराने की दुकान को तोड़ते हुए एक अन्य मकान से जा टकराया।
ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि सभी दुकानें क्षतिग्रस्त हो र्गइं। दुकान का सामान मलबे में दब गया। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों का मजमा लग गया, जिससे रायबरेली-प्रतापगढ़ राजमार्ग पर जाम की स्थिति रही। कई घंटे बाद जाम से छुटकारा मिला।
हादसे की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी चरन सिंह, एसडीएम प्रदीप कुमार, कोतवाल लक्ष्मीकांत शुक्ला, चौकी इंचार्ज राजेश यादव मौके पर पहुंचे। आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। सीओ ने बताया कि ट्रक को सूची चौकी में खड़ा किया गया है।घायलों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां राजकुमारी ने दम तोड़ दिया।