रायबरेली। नसीराबाद थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव में बुधवार रात घर पर सो रही मां-बेटी की लोहे की रॉड से पीटकर हत्या कर दी गई। दिल दहलाने वाली वारदात की जानकारी से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वारदात के समय पति घर पर नहीं था।
घर का सामान इधर-उधर बिखरा होने से लूट के इरादे से मर्डर की आशंका जताई जा रही है। वारदात की जानकारी पर लखनऊ रेंज की आईजी लक्ष्मी सिंह व एसपी श्लोक कुमार ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया।
शक के आधार पर पुलिस ने परिवार के ही चार लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। हाजीपुर गांव निवासी जमील अहमद बुधवार को अपनी मौसी के घर मुखतिया गया था। घर पर उसकी पत्नी सफीकुन निशा (45) और बेटी तमन्ना उर्फ खुशी (12) थी।
रात में मां-बेटी की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। दोनों के सिर समेत अन्य शरीर के अन्य हिस्से में चोटें आई। गुरुवार सुबह सफीकुन नहीं उठी तो परिवारीजनों ने मकान में सीढ़ी लगाकर घर के अंदर प्रवेश किया। घर का सामान इधर-बिखरा था।
सफीकुन मृत पड़ी थी, जबकि खुशी की सांसें चल रहीं थीं। गांव वालों ने उसको सीएचसी नसीराबाद पहुंचाया। जहां डॉ. आशीष कुमार ने उसे मृत घोषित कर दिया। घर का सामान इधर-बिखरा होने पर प्रथम दृष्टया लूट के इरादे से मां-बेटी की हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।
नसीराबाद थानेदार श्रीराम पांडेय ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिए। वारदात की जानकारी पर सीओ सदर डॉ. अंजनी कुमार चतुर्वेदी, सीओ सलोन रामकिशोर के अलावा कई थानों की फोर्स और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
वारदात की जानकारी पर लखनऊ रेंज की आईजी लक्ष्मी सिंह और एसपी श्लोक कुमार ने पहुंचकर घटना की पड़ताल की। आईजी ने परिवारीजनों के साथ ही ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। एसपी को प्रकरण के जल्द खुलासा किए जाने के निर्देश दिए।
थानेदार ने बताया कि पति ने परिवार के ही कुछ लोगों पर हत्या किए जाने का शक जताया है। पति की तहरीर पर कल्लू उर्फ शरीफ, उसके बेटे तौहीद, पत्नी साबिरा और सैफ उर्फ इमरान के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।
नसीराबाद क्षेत्र के हाजीपुर गांव में मां-बेटी की हत्या की गई है। घटनास्थल का जायजा लेकर परिवारीजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए हैं। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। जल्द वारदात का पर्दाफाश होगा।- लक्ष्मी सिंह, आईजी लखनऊ रेंज
मां-बेटी की हत्या लूट के इरादे से या फिर अन्य किन्हीं कारणों से की गई, इसकी पड़ताल कराई जा रही है। मृतक महिला के पति ने परिवार के ही कुछ लोगों पर हत्या करने का शक जताया है। केस दर्ज करके कई बिंदुओं पर प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जल्द डबल मर्डर का खुलासा करके आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।- श्लोक कुमार, एसपी