दिल्ली में सांसद राहुल गांधी से मिलते मिथुन व उनका परिवार। -स्रोत : परिजन
लालगंज (रायबरेली)। कस्बे के ब्रजेंद्र नगर मोहल्ला निवासी सैलून संचालक मिथुन ने बृहस्पतिवार को दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से अपने परिजनों के साथ मुलाकात की। राहुल गांधी से आमने-सामने मिलकर मिथुन व उनके परिवार ने खुशी जताई है। उन्होंने इस भावुक भेंट की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं हैं जो वायरल हो रही हैं।
दरअसल 13 मई 2024 को लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी कस्बा पहुंचे थे। बैसवारा इंटर कॉलेज मैदान में जनसभा के बाद वह अचानक मिथुन के सैलून पर पहुंच गए और वहीं बाल-दाढ़ी की कटिंग करवाई थी। वह पल मिथुन के लिए किसी सपने से कम नहीं था और इसके बाद वह सुर्खियों में आ गए थे।
एक साल पूरे होने पर 13 मई को मिथुन ने राहुल गांधी के सैलून आने की पहली वर्षगांठ भी खास अंदाज में मनाई। दुकान सजाई, मिठाई बांटी और राहुल गांधी को शुभकामनाएं भेजीं। उसी दिन उन्होंने राहुल गांधी से मिलने की इच्छा भी जताई थी। अब उनकी इच्छा भी पूरी हाे गई है।
मिथुन के साले अमन ने बताया कि जीजा, दीदी व भांजा दिल्ली में राहुल गांधी के घर गए थे। राहुल गांधी ने उन्हें सैलून से जुड़ा सामान उपहार स्वरूप भेजा था। यह मुलाकात न सिर्फ मिथुन बल्कि उनके पूरे परिवार और शुभचिंतकों के लिए बेहद गर्व और आनंद का क्षण रहा।