फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Raebareli News: चोर समझकर युवक को पीटकर मार डाला

Sat, 04 Oct 2025 02:07 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रायबरेली
विज्ञापन
ईश्वरदासपुर रेलवे स्टेशन के पास बृहस्पतिवार को युवक की मौत के बाद जांच करती पुलिस।
विज्ञापन
रायबरेली। ससुराल जा रहे युवक को चोर समझ कुछ लोगों ने पकड़ लिया। युवक को बेल्ट और डंडे से पीटते हुए एक किमी दूर रेल लाइन के किनारे ले गए। वहां बिजली के खंभे से बांध दिया और बेरहमी से पीटा। युवक छोड़ दिए जाने की गुहार लगाता रहा, लेकिन पीटने वाले उसे तब तब पीटते रहे, जब तक उसका दम नहीं निकल गया।
विज्ञापन


बृहस्पतिवार सुबह रेल लाइन के पास युवक का शव पड़ा मिला तो पुलिस मौके पर पहुंची। युवक के पिता की तहरीर पर दो नामजद व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है। फतेहपुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के तुराब अली का पुरवा निवासी हरिओम (40) पुत्र गंगादीन बुधवार रात ससुराल नई बस्ती मजरे ऊंचाहार देहात गांव छोटेलाल के घर अपनी पत्नी पिंकी उर्फ संगीता के पास जा रहे थे।

रास्ते में ऊंचाहार डलमऊ मार्ग पर डाड़ेपुर मजरे ईश्वरदासपुर गांव के पास रात लगभग एक बजे कुछ लोगों ने हरिओम को आवाज देकर बुलाया और रात में जाने की वजह पूछी। इस पर वह कुछ नहीं बता पाए। इस बीच चोर होने की बात कही गई और कुछ मिनट में मौके पर काफी लोग आ गए। इसके बाद इन लोगों ने हरिओम की पिटाई शुरू कर दी। उन्हें मारते हुए ईश्वरदासपुर रेलवे स्टेशन के पास ले गए और खंभे से बांधकर बेल्ट व डंडे से जमकर पीटा।
विज्ञापन


पिटाई से हरिओम का शरीर काला पड़ गया। उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े और कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। यह देख पिटाई करने वाले लोग भाग निकले। रात में किसी ने पुलिस को सूचना नहीं दी। बृहस्पतिवार सुबह युवक की मौत की खबर से घटनास्थल पर मजमा लग गया।

कोतवाल संजय कुमार ने मौके पर जाकर पड़ताल की। घटना की जानकारी मिलते ही युवक की पत्नी और पिता मौके पर आए और शव की शिनाख्त की। मृतक के पिता गंगादीन की तहरीर पर वैभव सिंह व अखिलेश सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है। सीओ गिरिजा शंकर त्रिपाठी ने घटनास्थल की जांचकर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।


पत्नी ने फोटो देखकर की पहचान
परिवार के लोगों के अनुसार हरिओम की दिमागी हालत ठीक नहीं थी। उसका इलाज चल रहा था। जिसके चलते पत्नी पिंकी अपनी बेटी अनन्या (11) के साथ परिवार चलाने के लिए ऊंचाहार में एनटीपीसी की एक बैंक में सफाई का काम करती है। घटना की खबर मिली तो पिंकी पिता छोटेलाल के साथ कोतवाली पहुंची और फोटो से पति की शिनाख्त की।

पिता बोले, बेटे के इलाज में सब बेच दिया...
बृहस्पतिवार रात हरिओम के पिता गंगादीन को किसी ने उसके बेटे को गदागंज थाना क्षेत्र के बरारा बुजुर्ग गांव में पकड़े होने की सूचना दी। इस पर वह बेटे को खोजते हुए मौके पर पहुंचे तो किसी ने उन्हें ऊंचाहार थाने भेजा। वह थाने पहुंचे तो बेटे की मौत की खबर सुनकर बिलख पड़े। कहा कि बेटे का इलाज कराने में अपना सब कुछ बेच दिया... अब बेटा भी चला गया। आखिर हमारे बेटे ने किसी का क्या बिगाड़ा था। हमसे बताते तो हम खुद को बेचकर उसकी भरपाई कर देते। हरिओम की बीमार मां केवला देवी बेटे की मौत की सूचना से मूक हो गईं। गंगादीन ने बताया कि हरिओम दो बेटों में सबसे बड़ा था। बुधवार सुबह घर से निकला था और पैदल ही ससुराल ऊंचाहार जा रहा था।


वायरल वीडियो देख हर किसी की कांप गई रूह
हरिओम की पिटाई का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। जिसने भी उसे देखा, उसकी रूह कांप गई। हरिओम को पहले खंभे से बांधकर बेल्ट और डंडों से पीटा गया। जब वह बेसुध हो गया तो उसे जमीन पर लिटा दिया। एक शख्स ने उसके सिर पर पैर रखा और दो लोग उसके दोनों पैर फैलाकर बेरहमी से डंडे बरसाते रहे। यही नहीं बीच बीच में उससे पूछा जाता है कि उसके तीन साथी कहां हैं। सुधबुध खो चुका हरिओम कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं था। उसे जमीन में लिटाकर तब तक पीटा गया, जब तक उसकी सांस बंद नहीं हो गई। पुलिस इस वीडियो के माध्यम से आरोपियों तक पहुंचने में लगी हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें